अमेरिका का बड़ा दावा, ट्रंप की हत्या की साजिश का मास्टरमाइंड ढेर
फोटो: आईएएनएस
न्यूयॉर्क | अमेरिका ने दावा किया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले शख्स को मार गिराया गया है. अमेरिका के युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने बुधवार को दावा किया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले को ढूंढकर मार दिया गया है. वहीं, एक पाकिस्तानी व्यक्ति पर इस साजिश में शामिल होने के आरोप में मुकदमा चलाया जा रहा है.
वॉशिंगटन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हेगसेथ ने कहा, “कल उस व्यक्ति को, जिसने राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या करने का प्रयास किया था, को ढूंढकर मार गिराया गया.” हालांकि उन्होंने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) के सदस्य का नाम नहीं बताया.
हेगसेथ ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप ने आखिरकार बदला ले लिया.”
पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट का मुकदमा न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित संघीय अदालत में पहले से निर्धारित था.
मुकदमे की सुनवाई कर रहे जज एरिक कोमिटी ने संयोग पर टिप्पणी करते हुए कहा, “यह मुकदमा दिलचस्प समय में हो रहा है.”
आसिफ पर आतंकवाद के आरोप लगाए गए हैं. उस पर 2024 के राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान ट्रंप पर हमला करने के लिए शूटरों को किराए पर रखने की कथित साजिश में ईरान के साथ काम करने का आरोप है.
IANS
