लखनऊ में सनसनी: बेटे ने की पिता की गोली मारकर हत्या, शव के टुकड़े कर छिपाने का आरोप
लखनऊ में सनसनी: बेटे ने की पिता की गोली मारकर हत्या, शव के टुकड़े कर छिपाने का आरोप
लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के थाना आशियाना क्षेत्र में दर्ज गुमशुदगी के एक मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. जिस शख्स की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस तलाश में जुटी थी उसकी हत्या बेटे ने ही कर दी थी. इसका खुलासा पुलिस जांच में हुआ.
पुलिस के अनुसार, थाना आशियाना में मानवेंद्र सिंह पुत्र सुरेंद्र पाल सिंह, निवासी एल-91 सेक्टर-एल, आशियाना, लखनऊ की गुमशुदगी दर्ज की गई थी. मामले में पुलिस द्वारा लगातार जांच की जा रही थी. जांच के दौरान गुमशुदा के पुत्र अक्षत प्रताप सिंह (उम्र लगभग 21 वर्ष) से गहन पूछताछ की गई.
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि 20 फरवरी 2026 को प्रातः लगभग 4:30 बजे किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ. विवाद के दौरान आवेश में आकर उसने अपने पिता को गोली मार दी जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई.
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया. उसने शव को तीसरी मंजिल से नीचे लाकर भूतल के एक खाली कमरे में रखा. आरोप है कि बाद में शव के कुछ अंगों को काटकर सदरौना क्षेत्र के पास फेंक दिया गया, जबकि शेष शव को एक ड्रम में छिपाकर रखा गया था.
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ शुरू कर दी है.
प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. मौके पर मृतक के परिजन भी मौजूद हैं. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और जल्द ही अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा.
पुलिस का कहना है कि बेटे ने ही अपने पिता की हत्या की है. पुलिस के अनुसार, अभी तक की जानकारी के अनुसार, पिता आरोपी पर प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए कह रहे थे, और इसी बात से गुस्साए बेटे ने हत्या कर दी.
IANS
