आवारा कुत्ते के काटने के बाद रेबीज के डर से बैंक कर्मचारी ने की आत्महत्या

dogs

(सांकेतिक तस्वीर : आईएएनएस)

The Hindi Post

आवारा कुत्ते के काटने के बाद रेबीज के डर से बैंक कर्मचारी ने की आत्महत्या

 

कल्याण | महाराष्ट्र के कल्याण ईस्ट इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां बैंक में कार्यरत एक युवक ने आवारा कुत्ते के काटने के बाद रेबीज होने के डर से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है.

मृतक की पहचान ऐस विश्वनाथ अमीन के रूप में हुई है. वह कल्याण ईस्ट के तिसगांव नाका स्थित सहजीवन सोसायटी में रहता था और एक निजी बैंक में वरिष्ठ पद पर कार्यरत था.

परिजनों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले युवक के पैर में एक आवारा कुत्ते ने काट लिया था. घटना के बाद उसने चिकित्सकीय सलाह लेकर रेबीज के टीके भी लगवाए थे. हालांकि, इसके बावजूद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था. उसे यह डर सता रहा था कि उसे रेबीज हो जाएगा और गंभीर बीमारी की चपेट में आ सकता है.

बताया जा रहा है कि इसी भय और मानसिक तनाव के कारण वह अत्यधिक चिंतित रहने लगा था. उसे यह भी आशंका थी कि यदि उसे रेबीज हो गया तो परिवार के अन्य सदस्यों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. इसी डर के चलते उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की. मामले को आकस्मिक मृत्यु के रूप में दर्ज कर जांच की जा रही है.

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे को लेकर नाराजगी सामने आई है. शिवसेना (शिंदे गुट) के पार्षद महेश गायकवाड़ ने नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त हर्षल गायकवाड़ से मुलाकात कर शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!