भारत के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज को कराया गया अस्पताल में भर्ती, क्या हुआ उन्हें ?

cropped-Hindi_Post-removebg-preview-1.png
The Hindi Post

भारत के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज को कराया गया अस्पताल में भर्ती, क्या हुआ उन्हें ?

 

नई दिल्ली | टी20 विश्व कप में 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले भारतीय टीम की परेशानी बढ़ गई है. विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पेट में इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है.

अभिषेक को पेट में इन्फेक्शन की वजह से दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी परेशानी का पता लगाने के लिए टेस्ट किए जा रहे हैं. उन्हें कब डिस्चार्ज किया जाएगा, इस पर स्पष्टता नहीं है. नामीबिया के खिलाफ उनके खेलने पर भी संशय है.

जानकारी के मुताबिक, अभिषेक शर्मा यूएसए के खिलाफ हुए मैच के पहले से ही पेट की परेशानी का सामना कर रहे हैं. यूएसए के खिलाफ मैच खेलने के बाद उनकी हालत और खराब हो गई. अभिषेक को तेज बुखार था और तुरंत आराम के लिए उन्हें ड्रिप लगाई गई थी. यूएसए के खिलाफ अभिषेक पहली गेंद पर आउट हो गए थे और दूसरी पारी में उनकी जगह संजू सैमसन ने क्षेत्ररक्षण किया था. अभिषेक मैच के बाद भी फील्ड पर नहीं आए थे.

भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की फाइल फोटो / (क्रेडिट : आईएएनएस)

नामीबिया के खिलाफ अभिषेक शर्मा के न खेलने की स्थिति में संजू सैमसन को ईशान किशन के साथ पारी की शुरुआत के लिए भेजा जा सकता है.

मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए टीम इंडिया के सहायक कोच रयान टेन डोएशेट ने कहा था कि अभिषेक के पेट में कुछ दिक्कत है. हमें उम्मीद है कि वह दो दिन में मैच के लिए उपलब्ध हो जाएंगे.

डोएशेट ने कहा कि वाशिंगटन सुंदर 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ दूसरे ग्रुप-स्टेज मैच से पहले भारतीय टीम में शामिल हो गए हैं. वह स्क्वॉड के साथ ट्रेनिंग करेंगे.

जसप्रीत पर भी उन्होंने अपडेट देते हुए कहा कि बुमराह 10 दिन के ब्रेक के बाद बॉलिंग कर रहे हैं, और वह काफी बेहतर महसूस कर रहे हैं. वह अच्छी तरह से मूव कर रहे हैं और गेंदबाजी करेंगे.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!