सूरजकुंड मेला हादसा : राइड के दौरान टूट गया मेले का सबसे खतरनाक झूला, घटना का डरा देने वाला VIDEO आया सामने….

Surajkund Mela (1) (1)
The Hindi Post

सूरजकुंड मेला हादसा : राइड के दौरान टूट गया मेले का सबसे खतरनाक झूला, घटना का डरा देने वाला VIDEO आया सामने….

 

हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित 39वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया. मेले के झूला परिसर में ‘सुनामी झूला’ अचानक गिरने से पलवल जिले के चांदहट थाने के SHO इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए. इस दुखद घटना के बाद पूरे मेला क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में ग्राउंड को खाली कराया गया.

हादसे का विवरण और पुलिस कार्रवाई
शाम करीब 6:15 बजे हुए इस हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झूला ऊपर से नीचे आते समय गिरते हुए दिख रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झूले पर करीब 18 से 30 लोग सवार थे. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिमाचल फन फेयर के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर और उसके स्टाफ के खिलाफ लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला दर्ज किया. फिलहाल झूला परिसर को पूरी तरह बंद कर दिया गया है.

 

शहीद का दर्जा और मुआवजा
मृतक इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद मूल रूप से यूपी के मथुरा (गांव डेगर) के रहने वाले थे. वह 1989 में हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे और इसी साल 31 मार्च को उनका रिटायरमेंट थी. ड्यूटी के दौरान दूसरों की जान बचाते हुए बलिदान देने के कारण DGP अजय सिंघल ने उन्हें ‘शहीद’ का दर्जा देने की घोषणा की है. उनके परिवार को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा. परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी.

उच्च स्तरीय जांच के आदेश
इस गंभीर लापरवाही की जांच के लिए दो स्तरों पर कमेटियां गठित की गई हैं.

प्रशासनिक जांच: ADC की अध्यक्षता वाली कमेटी पूरे मामले की जांच करेगी.

SIT का गठन: पुलिस कमिश्नर ने ACP वरुण दाहिया के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) बनाई है जिसमें क्राइम ब्रांच और सूरजकुंड थाने के अधिकारी शामिल हैं.

हिंदी पोस्ट डॉट इन

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!