बदल गया युवक का व्यवहार, अचानक लोगों को काटने लगा, इलाके में मच गई अफरा-तफरी, डॉक्टर ने दी चेतावनी
बदल गया युवक का व्यवहार, अचानक लोगों को काटने लगा, इलाके में मच गई अफरा-तफरी, डॉक्टर ने दी चेतावनी
गुजरात के पालनपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई. वह लोगों को कुत्ते की तरह काटने लगा. डॉक्टरों की जांच में पता चला कि कुछ समय पहले उसे एक कुत्ते ने काट लिया था. इसके बाद उसमें रेबीज से जुड़े गंभीर लक्षण दिखाई देने लगे.
जानकारी के मुताबिक, 27 वर्षीय देवाभाई को कुछ दिन पहले एक कुत्ते ने काट लिया था. शुरुआत में घाव सामान्य लगने के कारण परिवार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया लेकिन बाद में युवक में हाइड्रोफोबिया यानी पानी से डर और आक्रामक व्यवहार जैसे खतरनाक लक्षण उभरने लगे.
बताया जा रहा है कि युवक की हालत धीरे-धीरे बिगड़ती गई और उसने आसपास मौजूद लोगों को काटने की कोशिश भी की. इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत उसके परिजनों को सूचना दी. हालत ज्यादा खराब होने पर परिवार उसे तुरंत पालनपुर सिविल अस्पताल ले गया।
अस्पताल में युवक को डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है. वह खुद को या दूसरों को नुकसान न पहुंचाए, इसके लिए एहतियातन उसके हाथ-पैर बांधकर इलाज किया जा रहा है. मेडिकल टीम लगातार उसकी हालत पर नजर बनाए हुए है.
जानकारी के अनुसार. युवक मूल रूप से साबरकांठा जिले का रहने वाला है और फिलहाल अपने परिवार के साथ पालनपुर में रह रहा था. घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है और मामले की निगरानी की जा रही है.
मेडिकल ऑफिसर सुनील जोशी ने बताया कि कुत्ते के काटने के तुरंत बाद एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाना बेहद जरूरी होता है. अक्सर लोग छोटे घाव को नजरअंदाज कर देते हैं जो आगे चलकर जानलेवा साबित हो सकता है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि डॉग बाइट की स्थिति में तुरंत नजदीकी अस्पताल जाकर इलाज कराएं. फिलहाल युवक का उपचार जारी है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं.
Hindi Post Dot In
