100 की स्पीड में ट्रक ने 2 ऑटो को टक्कर मारी; उछलकर 10 फीट दूर गिरे, 5 की मौत
100 की स्पीड में ट्रक ने 2 ऑटो को टक्कर मारी; उछलकर 10 फीट दूर गिरे, 5 की मौत
आगरा (यूपी) में शनिवार को भीषण हादसा हो गया. यहां तेज रफ्तार ट्रक ने यात्रियों से भरे दो ऑटो को टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ऑटो उछलकर करीब 10 फीट दूर जा गिरे. दोनों ऑटो एक गड्ढे में पलट गए. इससे कई यात्रियों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं. एक टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गया और उसकी छत तक उड़ गई.
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज किया जा रहा है. इस हादसे से हड़कंप की स्थिति है. ऑटो की हालत देखकर प्रत्यक्षदर्शियों के रोंगटे खड़े हो गए. दोनों ऑटो की स्थिति देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लग रहा था.
बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार सभी लोग एक ही गांव के रहने वाले थे. वे जगन्नाथ पुरी से लौटकर आगरा स्टेशन से अपने गांव जा रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक नशे में था और करीब 100 की रफ्तार से जलेसर रोड की ओर लहराते हुए आ रहा था. उसने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया, इसके बाद दूसरे ऑटो को भी टक्कर मार दी.
एडीसीपी आदित्य कुमार ने कहा कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. यह दुर्घटना खंदौली थाना क्षेत्र के जलेसर रोड पर शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुई.
Hindi Post Dot In
