देश की पहली एलएनजी ट्रेन चलने को तैयार:एक बार टैंक फुल करने पर चलेगी इतने किलोमीटर

LNG Train (1)
The Hindi Post

देश की पहली एलएनजी ट्रेन चलने को तैयार:एक बार टैंक फुल करने पर चलेगी इतने किलोमीटर

 

अहमदाबाद | भारतीय रेलवे ने स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. दरअसल, तरलीकृत प्राकृतिक गैस यानी एलएनजी से चलने वाली देश की पहली यात्री ट्रेन ट्रैक पर आ चुकी है. यह ट्रेन शुक्रवार को अहमदाबाद पहुंची.

अधिकारियों ने कहा कि एलएनजी से चलने वाली इस ट्रेन के ट्रायल पूरे हो चुके है और अब यह नियमित चलेगी. उन्होंने बताया कि ट्रेन लगभग 2,200 किलोमीटर (टैंक फुल होने की दशा में) तक चलने में सक्षम है.

साबरमती स्थित एकीकृत कोचिंग डिपो में इस ट्रेन का निरीक्षण किया गया. अहमदाबाद मंडल रेलवे प्रबंधक वेद प्रकाश ने इसको परखा.

मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह पहल पारंपरिक डीजल संचालन से हटकर अधिक किफायती और पर्यावरण के अनुकूल तकनीक की ओर एक बदलाव का प्रतीक है.

उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे पहली बार एलएनजी का उपयोग करके यात्री सेवा संचालित कर रहा है. यह प्रणाली दक्षता, लागत और पर्यावरणीय प्रभाव के मामले में डीजल की तुलना में लगभग तीन गुना अधिक लाभ प्रदान करती है.

इस परियोजना के तहत डीजल इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (DEMU) ट्रेनों और उनके ड्राइविंग पावर कार (DPC) में बदलाव किया जा रहा है. पहले ये ट्रेनें पूरी तरह डीजल से चलती थीं, लेकिन अब इन्हें डीजल और एलएनजी दोनों के मिश्रण से चलाने लायक बनाया जा रहा है.

इस कार्यक्रम के तहत लगभग 1,400 हॉर्सपावर क्षमता वाली दो पावर कारों को पहले ही परिवर्तित किया जा चुका है.

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दोनों यूनिटों ने 2,000 किलोमीटर से अधिक का फील्ड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है और तब से इन्हें बिना किसी व्यवधान के सामान्य यात्री परिचालन में शामिल कर लिया गया है.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!