19 जनवरी: विराट कोहली और सानिया मिर्जा के लिए बेहद खास है यह दिन

Virat Kohli 223344 (1)

फोटो क्रेडिट: आईएएनएस

The Hindi Post

19 जनवरी: विराट कोहली और सानिया मिर्जा के लिए बेहद खास है यह दिन

 

नई दिल्ली | भारतीय खेल जगत में विराट कोहली और सानिया मिर्जा का नाम बहुत प्रतिष्ठित है. विराट कोहली ने जहां क्रिकेट के क्षेत्र में अपना आधिपत्य जमाया है और किंग के नाम से मशहूर हुए हैं, वहीं सानिया मिर्जा भारत की सफलतम महिला टेनिस खिलाड़ी हैं. इन दोनों के जीवन में 19 जनवरी का दिन बेहद महत्वपूर्ण है.

विराट कोहली एक महान बल्लेबाज होने के साथ ही बेहतरीन कप्तान रहे हैं. उन्होंने 2013 से 2022 के बीच भारतीय टीम की तीनों फॉर्मेट में कप्तानी की. कप्तान होने के बावजूद बतौर बल्लेबाज उनके प्रदर्शन में गिरावट नहीं आई थी. कप्तान रहते हुए वनडे फॉर्मेट में सबसे तेज 5,000 रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है. विराट ने 19 जनवरी 2020 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में यह उपलब्धि हासिल की थी.

एक कप्तान के रूप में विराट ने 95 वनडे की 91 पारियों में 21 शतक लगाते हुए 5,449 रन बनाए हैं.

वहीं सानिया मिर्जा की बात करें, तो भारत में महिला टेनिस में वह सबसे बड़ा नाम हैं. सानिया ने अपने प्रदर्शन से पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया था. 19 जनवरी सानिया के लिए बेहद खास है. 2005 में वह ऑस्ट्रेलियन ओपन के तीसरे दौर में एकल में पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी थीं. 2008 में भी वह एकल में तीसरे दौर तक पहुंची थीं.

सानिया मिर्जा ने डबल्स में 2016 में ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2015 में विंबलडन और 2015 में ही यूएस ओपन का खिताब जीता था. इसके अलावा, मिक्स डबल्स में 2009 में ऑस्ट्रेलियन ओपन, 2012 में फ्रेंच ओपन और 2014 में यूएस ओपन का खिताब जीता था. एकल में, मिर्जा ने स्वेतलाना कुजनेत्सोवा, वेरा ज्वोनारेवा और मैरियन बार्टोली के साथ-साथ दुनिया की पूर्व नंबर वन मार्टिना हिंगिस, दिनारा सफीना और विक्टोरिया अजारेंका को हराया था.

फरवरी 2023 में सानिया ने आधिकारिक रूप से पेशेवर टेनिस से संन्यास ले लिया था.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!