“….तो लगा लो फांसी….”, पत्नी की बात से टूटे 19 साल के पति ने दी जान, 6 महीने पहले की थी लव मैरिज, पड़ोस की महिला……

JHANSI SUICIDE

फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया

The Hindi Post

“….तो लगा लो फांसी” पत्नी की बात से टूटे 19 साल के पति ने दी जान, 6 महीने पहले की थी लव मैरिज, पड़ोस की महिला……

 

उत्तर प्रदेश के झांसी से एक बेहद मार्मिक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई प्रेम कहानी महज छह महीने में त्रासदी में बदल गई. इस घटना ने न केवल एक परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया, बल्कि पड़ोस में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला की भी सदमे से मौत हो गई. इससे पूरा इलाका स्तब्ध है.

कोतवाली थाना क्षेत्र के सागर गेट के बाहर रहने वाले 19 वर्षीय युवक ध्रुवराज कुशवाहा की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से राजस्थान के जयपुर जिले के चूरू क्षेत्र की रहने वाली युवती प्रीति से हुई थी. बातचीत बढ़ने के साथ दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. परिजनों के विरोध के बावजूद ध्रुवराज शादी की जिद पर अड़ा रहा और आत्महत्या की धमकी देने लगा. मजबूरी में परिवार ने मई 2025 में मंदिर में दोनों की शादी करवा दी.

परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दंपती के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा. प्रीति की आर्थिक मांगें लगातार बढ़ती गईं. वह महंगे कपड़े, शॉपिंग, घूमने-फिरने और बाहर खाने की जिद करती थी, जबकि ध्रुवराज की आमदनी सीमित थी. इस बात को लेकर अक्सर झगड़े होने लगे. ध्रुवराज की बहन विशाखा कुशवाहा के अनुसार, पत्नी उस पर ज्यादा पैसे कमाने का दबाव बनाती थी और धमकी देती थी कि मांगें पूरी न होने पर वह दूसरी शादी कर लेगी.

परिवार का कहना है कि 13–14 दिसंबर को प्रीति मायके चली गई और फिर वापस नहीं लौटी. बीते सोमवार को फोन पर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ. आरोप है कि इसी दौरान ध्रुवराज ने गुस्से में कहा कि वह फांसी लगा लेगा, जिस पर पत्नी ने कथित तौर पर कहा, “तो लगा लो फांसी.” परिजनों का आरोप है कि इसी मानसिक तनाव से टूटकर ध्रुवराज ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया.

ध्रुवराज के पिता रामबाबू, मां और बहनें 7 जनवरी को कामाख्या देवी मंदिर दर्शन के लिए गए थे. लौटने पर जब उन्होंने घर का ताला खोला तो ध्रुवराज का शव कमरे में फंदे से लटका मिला. पुलिस को सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी गई है.

इस घटना से जुड़ा एक और दुखद पहलू तब सामने आया, जब पड़ोस में रहने वाली 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला बेनीबाई की भी सदमे से मौत हो गई. दरअसल, उनके बेटे का नाम भी रामबाबू है. जब मोहल्ले में यह खबर फैली कि रामबाबू के बेटे ने फांसी लगा ली, तो नाम की समानता के कारण बेनीबाई को लगा कि यह घटना उनके परिवार में हुई है. यह सदमा वह सहन नहीं कर सकीं और अचानक तबीयत बिगड़ने से उनकी मृत्यु हो गई.

एक युवक की आत्महत्या और उससे जुड़ी दूसरी मौत ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और परिजनों के आरोपों को गंभीरता से परखा जा रहा है.

 

Hindi Post Dot In


The Hindi Post
error: Content is protected !!