भयानक हादसे का शिकार हुआ अंतिम संस्कार से लौट रहा परिवार, मां, बेटी, बहूओं और देवरानी समेत 7 महिलाओं की मौत

seekar

सांकेतिक तस्वीर / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

भयानक हादसे का शिकार हुआ अंतिम संस्कार से लौट रहा परिवार, मां, बेटी, बहूओं और देवरानी समेत 7 महिलाओं की मौत

 

राजस्थान के सीकर जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार की सात महिलाओं की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा जयपुर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फतेहपुर क्षेत्र के हरसवा गांव के पास शाम करीब 4 बजे हुआ.

हादसे में अर्टिगा कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और शवों को बाहर निकाला गया. सभी घायलों को पहले फतेहपुर के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सीकर रेफर किया गया.

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अर्टिगा कार फतेहपुर की ओर जा रही थी, तभी हरसवा गांव के पास मोड़ पर चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और सामने से आ रहे ट्रक से कार की आमने-सामने टक्कर हो गई. क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से हटाकर यातायात बहाल कराया गया.

थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने मीडिया को बताया कि कार में सवार लोग लक्ष्मणगढ़ (सीकर) से फतेहपुर अपने घर लौट रहे थे. हादसे में फतेहपुर निवासी मोहिनी देवी (80), उनकी बेटी इंद्रा (60), पुत्रवधू तुलसी (45), चंदा देवी (55), संतोष (45) और आशा (60) की मौत हो गई. इनमें से कुछ की मौत मौके पर ही हुई, जबकि अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ा.

हादसे में मोहिनी देवी की पोती सोनू, बहू बरखा और चालक वसीम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सीकर अस्पताल में भर्ती कराया गया. बाद में इलाज के दौरान बरखा की भी मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई.

परिवार के सदस्य मनोज सैनी ने मीडिया बताया कि सभी लोग लक्ष्मणगढ़ में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे. इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है. इलाके में शोक का माहौल है.

 

IANS/Hindi Post Dot In

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!