रिटायरमेंट मैच में भावुक हुआ यह दिग्गज, पत्नी की आंखों में भी आ गए आंसू
रिटायरमेंट मैच में भावुक हुआ यह दिग्गज, पत्नी की आंखों में भी आ गए आंसू
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के अनुभवी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा का टेस्ट करियर सिडनी में भावुक अंदाज में समाप्त हुआ. एशेज के पांचवें और आखिरी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 5 विकेट से हराकर सीरीज 4–1 से अपने नाम कर ली लेकिन इस मुकाबले की सबसे भावनात्मक तस्वीर ख्वाजा की विदाई से जुड़ी रही.
39 वर्षीय ख्वाजा ने अपने अंतिम टेस्ट मैच की आखिरी पारी में सिर्फ 6 रन बनाए और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए. आउट होते ही वह खुद को रोक नहीं पाए और मैदान पर ही भावुक हो गए. स्टैंड्स में मौजूद उनकी पत्नी रेचल मैकलेलान की आंखों में भी आंसू साफ देखे गए. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

फोटो: सोशल मीडिया
खास बात यह रही कि ख्वाजा का टेस्ट करियर जिस सिडनी क्रिकेट ग्राउंड से 2011 में शुरू हुआ था उसी मैदान पर 15 साल बाद उनका सफर खत्म हुआ. यह संयोग उनके लिए और भी भावनात्मक बन गया.
अपने शानदार टेस्ट करियर में उस्मान ख्वाजा ने 88 मैचों में 6229 रन बनाए, जिसमें 16 शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं. इसके अलावा उन्होंने 40 वनडे मैचों में 1554 रन और 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 241 रन बनाए.
सिडनी टेस्ट के बाद ख्वाजा को टीम के साथी खिलाड़ियों और दर्शकों ने खड़े होकर सम्मान दिया. यह पल न सिर्फ एक क्रिकेटर के करियर का अंत था, बल्कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के एक यादगार अध्याय का समापन भी बन गया.
