UP में भाजपा विधायक की हार्ट अटैक से मौत, मंत्री की बैठक में हुए थे शामिल

BJP MLA dies by heart attack 22222
The Hindi Post

UP में भाजपा विधायक की हार्ट अटैक से मौत, मंत्री की बैठक में हुए थे शामिल

 

बरेली | भारतीय जनता पार्टी के बरेली स्थित फरीदपुर से विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का शुक्रवार को निधन हो गया. विधायक आज सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल हुए थे. इसी दौरान उनको अचानक हार्ट अटैक हो गया. उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

उनके सहयोगी ने बताया कि वह मंत्री धर्मपाल सिंह द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल हुए थे. वहीं, खाना खाने के दौरान असहज होने पर वह निकल आए. पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने सर्किट हाउस में वर्ष 2026 में होने वाले विकास कार्यों की रूपरेखा बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई थी. उन्हें लेकर पीलीभीत रोड स्थित मेडिसिटी अस्पताल पहुंचे जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

उनके निधन की सूचना पर उनके समर्थकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई. विधायक श्याम बिहारी के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है. उन्होंने कहा कि जनपद बरेली के फरीदपुर विधान सभा क्षेत्र से विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का आकस्मिक निधन अत्यंत दुखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.

वनमंत्री अरुण सक्सेना ने कहा कि हम लोग एक बैठक में थे जहां पर विधायक की तबीयत गड़बड़ हुई. उनको अस्पताल भी लाया गया जहां उनकी मृत्यु हो गई. उन्होंने बताया कि उनके निधन से पार्टी को बहुत बड़ी क्षति पहुंची है. वह बहुत ही विद्वान व्यक्ति थे. रूखेल खंड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर भी रहे. वह फरीदपुर सीट से लगातार दो बार से विधायक थे.

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!