विजय हजारे ट्रॉफी: मैदान पर इस खिलाड़ी के बल्ले ने उगली आग, 75 गेंद पर 157 रन की पारी ने बढ़ाया सेलेक्टर्स पर दबाव
फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
विजय हजारे ट्रॉफी: मैदान पर इस खिलाड़ी के बल्ले ने उगली आग, 75 गेंद पर 157 रन की पारी ने बढ़ाया सेलेक्टर्स पर दबाव
जयपुर | जयपुर में गोवा और मुंबई के बीच खेले जा रहे विजय हजारे ट्रॉफी मुकाबले में मुंबई की तरफ से खेलते हुए सरफराज खान ने विस्फोटक शतकीय पारी खेलते हुए न्यूजीलैंड वनडे सीरीज से पहले चयनकर्ताओं पर दबाव बढ़ा दिया है.
गोवा ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया. मुंबई के लिए यशस्वी जायसवाल और अंगकृष रघुवंशी पारी की शुरुआत करने आए थे. अंगकृष 18 गेंद पर 11 और यशस्वी 64 गेंद पर 46 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद तीसरे नंबर पर मुशीर खान और चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए सरफराज खान ने मोर्चा संभाला. दोनों भाइयों ने गोवा के गेंदबाजों की धुनाई शुरू की.
मुशीर 66 गेंद पर 60 रन बनाकर आउट हो गए लेकिन सरफराज खान कुछ अलग करने के इरादे से बल्लेबाजी करने उतरे थे. 56 गेंदों पर शतक पूरा करने वाले सरफराज खान ने 75 गेंदों पर 14 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 157 रन की विस्फोटक और आकर्षक पारी खेली. इस पारी के दम पर मुंबई ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 444 रन बनाए.
इस चौथे राउंड के मुकाबले में सरफराज ने अपना शतक सिर्फ 56 गेंदों में पूरा किया जो कि विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई की ओर से सबसे तेज लिस्ट-A सेंचुरी बन गई. इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था जिन्होंने हाल ही में सिक्किम के खिलाफ 62 गेंदों में शतक जड़ा था. रोहित ने उसी मैच में 94 गेंदों में 155 रन बनाए थे,लेकिन गोवा के खिलाफ सरफराज ने उससे भी एक कदम आगे बढ़ते हुए नए साल की पूर्व संध्या पर गेंदबाजों की जमकर धुनाई की.
विकेटकीपर बल्लेबाज हार्दिक तामोरे ने 28 गेंद पर 53 और कप्तान शार्दुल ठाकुर ने 8 गेंद पर 27 रन की पारी खेली.
मुंबई का लिस्ट ए क्रिकेट में यह दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. मुंबई का सर्वाधिक स्कोर 457 है जो उसने 2021 में पुडुचेरी के खिलाफ बनाया था.
न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा होनी है. टीम के ऐलान से पहले सरफराज खान ने कहीं न कहीं चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी तरफ जरूर खींचा है और उन पर दबाव बढ़ाया है. सरफराज निश्चित रूप से चयन के लिए फिलहाल संभावितों में नहीं हैं लेकिन जिस तरह टी20 विश्व कप में ईशान किशन का चयन हुआ है उसे देखते हुए उन्होंने अपने पक्ष में सकारात्मक माहौल जरूर बनाया है.
