बुधवार को होगा बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया का अंतिम संस्कार, जनाजे में भारत से शामिल होगी ये शख्सियत

khalida zia

बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया की फाइल फोटो / (फोटो क्रेडिट : आईएएनएस)

The Hindi Post

बुधवार को होगा बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया का अंतिम संस्कार, जनाजे में भारत से शामिल होगी ये शख्सियत

 

नई दिल्ली | बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की प्रमुख खालिदा जिया का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया. वह 80 साल की थीं. भारत ने खालिदा जिया के निधन पर गहरा दुख जताया है. वहीं, विदेश मंत्री एस. जयशंकर बुधवार को उनके जनाजे में शामिल होंगे. भारतीय विदेश मंत्रालय की तरफ से मंगलवार को बताया गया कि विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी की अध्यक्ष खालिदा जिया के जनाजे में भारत सरकार और जनता का प्रतिनिधित्व करेंगे. वे 31 दिसंबर को ढाका का दौरा करेंगे. इससे पहले बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया. उन्होंने खालिदा जिया के योगदान को याद करते हुए कहा कि बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश के विकास के साथ-साथ भारत-बांग्लादेश संबंधों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई.

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “ढाका में पूर्व प्रधानमंत्री और बीएनपी चेयरपर्सन खालिदा जिया के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ. उनके परिवार और बांग्लादेश के सभी लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं. ईश्वर उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे.”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री के तौर पर बांग्लादेश के विकास के साथ-साथ भारत-बांग्लादेश संबंधों में उनके महत्वपूर्ण योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा. मुझे 2015 में ढाका में उनसे हुई गर्मजोशी भरी मुलाकात याद है. हमें उम्मीद है कि उनकी सोच और विरासत हमारी साझेदारी को आगे भी राह दिखाती रहेगी. उनकी आत्मा को शांति मिले.”

वहीं, बीएनपी की ओर से जारी बयान के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे ढाका के एवरकेयर अस्पताल में खालिदा जिया का निधन हुआ. पिछले एक महीने से ज्यादा समय से इसी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था.

बयान में कहा गया कि बीएनपी चेयरपर्सन और पूर्व प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय नेता खालिदा जिया का मंगलवार सुबह 6 बजे की नमाज के ठीक बाद निधन हो गया.

आईएएनएस

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!