कीमती धातुओं में फिर लौटी तेजी, एक ही दिन में चांदी में 12,000 रुपए की उछाल

Gold IANS Dec 30 (2)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

कीमती धातुओं में फिर लौटी तेजी, एक ही दिन में चांदी में 12,000 रुपए की उछाल

 

मुंबई | हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार को घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी में फिर से शानदार तेजी दिखाई दी. इससे पहले के सत्र में रिकॉर्ड ऊंचाई से गिरने के बाद दोनों कीमती धातुओं में उछाल देखने को मिला.

खबर लिखे जाने तक मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च डिलीवरी वाली चांदी 12,298 रुपए यानी 5.48 प्रतिशत की उछाल के साथ 2,36,727 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई. वहीं फरवरी डिलीवरी वाला सोना 1,382 रुपए यानी 1.02 प्रतिशत बढ़कर 1,36,324 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया. कारोबारी सत्र के दौरान चांदी ने 2,36,980 रुपए का तो सोने ने 1,36,403 रुपए का इंट्रा डे हाई बनाया.

वैश्विक बाजारों में सोमवार को सोने की कीमतों में गिरावट आई. स्पॉट गोल्ड 4.5 प्रतिशत गिरकर 4,330.79 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि फरवरी डिलीवरी वाला अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 4.6 प्रतिशत गिरकर 4,343.60 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ.

इससे पहले तेजी के दौरान सोना 4,584 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया था और चांदी 82.67 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंची थी, लेकिन बाद में दोनों धातुएं अपनी बढ़त बनाए नहीं रख पाईं.

विशेषज्ञों के अनुसार, गिरावट की वजह ज्यादा खरीदी (लॉन्ग पोजीशन), शिकागो मर्केंटाइल एक्सचेंज (सीएमई) द्वारा मार्जिन बढ़ाना और छुट्टियों के कारण कम कारोबार होना रहा, जिससे कीमतों में ज्यादा उतार-चढ़ाव हुआ.

हालांकि, सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) के रूप में सोना-चांदी की मांग अभी बनी हुई है. रूस और यूक्रेन से जुड़े तनाव और अमेरिका-वेनेजुएला के बीच तनाव के कारण निवेशक अब भी इन धातुओं में रुचि दिखा रहे हैं.

विशेषज्ञों ने बताया कि चांदी की कीमतों को कम उपलब्धता और बाजार में कम स्टॉक का सहारा मिल रहा है. सोने के पास बड़ा रिजर्व होता है लेकिन चांदी के पास ऐसा कोई बड़ा भंडार नहीं है जिससे इसकी कीमत जल्दी ऊपर नीचे होती है.

इंडियन बुलियन ज्वेलर्स की वेबसाइट IBJA.Com के मुताबिक, सोमवार को 10 Gram 24 Karat Gold 1380 रुपये फिसलकर 1,36,781 रुपये पर बंद हुआ था और मंगलवार को भी सोना फिसलकर 1,34,362 रुपये पर ओपन हुआ. यानी ये 2419 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हुआ. वहीं दूसरी ओर चांदी का भाव भी घरेलू मार्केट में अपने पिछले बंद 2,35,440 रुपये से 3,973 रुपये टूट गया. इसके बाद 1 Kg Silver Price 2,31,467 रुपये पर खुला.

मेहता इक्विटीज लिमिटेड के कमोडिटीज उपाध्यक्ष राहुल कलंत्री ने कहा कि सोने को 1,33,550 से 1,31,710 रुपए के बीच सपोर्ट मिल सकता है, जबकि 1,36,850 से 1,38,670 रुपए के बीच रेजिस्टेंस का सामना करना पड़ सकता है. वहीं चांदी के लिए सपोर्ट 2,19,150 से 2,17,780 रुपए और रेजिस्टेंस 2,26,810 से 2,28,970 रुपए के बीच है.

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज की एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के कई बड़े बाजारों में चांदी का स्टॉक लगातार कम हो रहा है, जिससे यह साफ होता है कि बाजार में चांदी की उपलब्धता सीमित होती जा रही है.

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!