IIT कानपुर के हॉस्टल में छात्र का शव मिला, संदिग्ध आत्महत्या का मामला
फोटो: हिंदी पोस्ट
IIT कानपुर के हॉस्टल में छात्र का शव मिला, संदिग्ध आत्महत्या का मामला
कानपुर | आईआईटी कानपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे छात्र का शव मिला है. छात्र ने कथित तौर पर बेडशीट से फांसी लगा ली थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है.
मृतक की पहचान जय सिंह मीणा (26) के रूप में हुई है. वह अजमेर (राजस्थान) के अवधपुरी इलाके के निवासी और गौरिशंकर मीणा के पुत्र थे. जय सिंह आईआईटी कानपुर में जैविक इंजीनियरिंग (Biological Engineering) के अंतिम वर्ष के छात्र थे और कैंपस के हॉस्टल नंबर-2 के कमरे नंबर 148 में रहते थे.
सोमवार को जय सिंह के परिवार ने कई बार उन्हें फोन किया लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो परिवार को चिंता हुई. इसके बाद उन्होंने उनके एक दोस्त से संपर्क किया. दोस्त उस समय छुट्टी पर था. उन्होंने अन्य छात्रों को इस बारे में जानकारी दी.
सभी छात्र जय सिंह के कमरेके बाहर इकठ्ठा हुए और दरवाजा खटखटाया पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. उन्होंने खिड़की से झांक कर देखा तो उनके होश उड़ गए. जय का शव बेडशीट के सहारे पाइप से लटक रहा था.
घटना की सूचना तुरंत आईआईटी प्रशासन को दी गई. इसके बाद कल्याणपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. कमरे में रखी एक नोटबुक में “Sorry everyone…” लिखा मिला. इस जांच का हिस्सा बना लिया गया है.
परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिवार के मंगलवार को कानपुर पहुंचने की संभावना है. पुलिस का अनुमान है कि जय की मौत 10 से 12 घंटे पहले हो गई थी. एडीसीपी वेस्ट कपिल देव सिंह ने कहा कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है और परिवार की ओर से आने वाली किसी भी शिकायत की जांच की जाएगी.
घटना के बाद आईआईटी कानपुर प्रशासन ने बयान जारी कर जय सिंह मीणा की असमय मौत पर गहरा दुख जताया. संस्थान ने बताया कि जय सिंह जुलाई 2020 में आईआईटी में शामिल हुए थे और वह एक होनहार छात्र थे. प्रशासन ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताई है.
Hindi Post Dot In
