बीजेपी के लिए बड़ी उपलब्धि, पहली बार केरल में जीता मेयर का चुनाव
फोटो क्रेडिट: आईएएनएस/IANS
बीजेपी के लिए बड़ी उपलब्धि, पहली बार केरल में जीता मेयर का चुनाव
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने केरल में इतिहास रच दिया है. बीजेपी के वीवी राजेश ने तिरुवनंतपुरम मेयर चुनाव जीत लिया है. यह पहली बार है जब भारतीय जनता पार्टी ने केरल की राजधानी के शहरी निकाय पर कब्जा जमाया है. इसे केरल राज्य की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है.
इस चुनाव में वीवी राजेश को 51 वोट मिले. उनके मुकाबले सीपीआई(एम) नीत वाम मोर्चा के उम्मीदवार आरपी शिवाजी को 29 वोट प्राप्त हुए जबकि कांग्रेस नीत यूडीएफ के उम्मीदवार और पूर्व विधायक केएस सबरीनाथन को 19 वोट मिले. एक निर्दलीय पार्षद ने मतदान से दूरी बनाए रखी यानि उन्होंने मतदान नहीं किया.
अब वीवी राजेश, केरल में भाजपा के उन चुनिंदा अग्रदूत नेताओं की सूची में शामिल हो गए हैं, जिनमें 2016 में पार्टी के पहले विधायक बने ओ. राजगोपाल और 2024 में राज्य से भाजपा के पहले लोकसभा सांसद बने सुरेश गोपी शामिल हैं. अब राजेश की मेयर पद पर ताजपोशी ने पार्टी के शहरी आधार को नई मजबूती दी है.
इस जीत का रास्ता गुरुवार देर रात साफ हुआ जब भाजपा नीत एनडीए को निर्दलीय पार्षद पी. राधाकृष्णन का समर्थन मिला और गठबंधन 101 सदस्यीय निगम में बहुमत के आंकड़े तक पहुंच गया.
9 दिसंबर को हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने 100 में से 50 वार्ड जीतकर करीब 45 वर्षों से चला आ रहा सीपीआई(एम) का वर्चस्व तोड़ दिया था. एलडीएफ को 29 और यूडीएफ को 19 सीटों पर संतोष करना पड़ा था.
भाजपा कार्यालय में हुई नव-निर्वाचित पार्षदों की बैठक में पार्टी महासचिव एस. सुरेश ने राजेश को मेयर और तीन बार की पार्षद आशा नाथ को उपमेयर उम्मीदवार घोषित किया.
मेयर चुने जाने के बाद केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर सहित कई वरिष्ठ नेता राजेश को बधाई देने पहुंचे. वहीं, केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भी फोन कर उन्हें शुभकामनाएं दीं. परिणाम आते ही भाजपा समर्थकों ने नारेबाजी और आतिशबाजी कर जश्न मनाया.
Hindi Post Dot In
