सिरफिरे का तांडव: चाकूबाजी और केमिकल स्प्रे से हमला, 14 लोग घायल
सांकेतिक तस्वीर
सिरफिरे का तांडव: चाकूबाजी और केमिकल स्प्रे से हमला, 14 लोग घायल
मध्य जापान में शुक्रवार को एक फैक्ट्री में हुई हिंसक घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. चाकू से किए गए इस हमले में कम से कम 14 लोग घायल हो गए, जबकि घटनास्थल पर किसी संदिग्ध तरल पदार्थ के छिड़काव की भी जानकारी सामने आई है. अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया और मामले की गहन जांच की जा रही है.
जापानी समाचार एजेंसी क्योदो और स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह वारदात शिज़ुओका प्रांत के मिशिमा शहर में स्थित एक रबर फैक्ट्री में हुई. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक व्यक्ति ने फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे कर्मचारियों पर अचानक चाकू से हमला कर दिया जिससे कई लोग घायल हो गए.
मिशिमा सिटी फायरफाइटिंग विभाग के अधिकारी तोमोहारु सुगियामा के अनुसार, घटना की सूचना स्थानीय समयानुसार शाम करीब 4:30 बजे मिली. इमरजेंसी कॉल में बताया गया था कि एक व्यक्ति ने पांच से छह लोगों पर चाकू से हमला किया है. उन्होंने यह भी बताया कि मौके पर स्प्रे जैसे किसी तरल पदार्थ के इस्तेमाल की सूचना मिली है. घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया.
अधिकारियों ने बताया कि कुल 14 घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि उनकी हालत को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है. जापानी मीडिया के मुताबिक, हमलावर को फैक्ट्री परिसर से ही हिरासत में ले लिया गया. हमले के कारणों और संदिग्ध तरल पदार्थ की प्रकृति की जांच की जा रही है.
गौरतलब है कि जापान में हिंसक अपराध अपेक्षाकृत कम होते हैं और यहां दुनिया के सबसे सख्त हथियार कानून लागू हैं. इसके बावजूद हाल के वर्षों में चाकूबाजी और गोलीबारी की कुछ घटनाओं ने देश को झकझोर दिया है.
Hindi Post Dot In
