निर्भया जैसा कांड, 6 साल की बच्ची के साथ हैवानियत, प्राइवेट पार्ट में डाली रॉड
सांकेतिक तस्वीर (AI Photo)
निर्भया जैसा कांड, 6 साल की बच्ची के साथ हैवानियत; प्राइवेट पार्ट में डाली रॉड
गुजरात के राजकोट जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 6 साल की बच्ची से कथित तौर पर दुष्कर्म करने की कोशिश की गई और सफल नहीं होने पर हैवान बने शख्स ने कथित तौर पर उसके गुप्तांग में रॉड डाल दी. बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज जारी है. वहीं आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी का नाम रामसिंह है. वह शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं.
पुलिस के अनुसार, 4 दिसंबर को जब बच्ची के माता-पिता खेत पर काम कर रहे थे तब आरोपी उसे एक सुनसान स्थान पर उठा ले गया. इसके बाद उसने बच्ची से गलत काम करने की कोशिश की और नाकाम रहने पर उसके गुप्तांग में रॉड डाल दी. इससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गई. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
बच्ची के माता-पिता को वह लहूलुहान हालत में मिली. वे उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए जहां से हालत गंभीर होने के चलते उसे राजकोट रेफर कर दिया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 10 जांच टीमें गठित की. पुलिस ने CCTV फुटेज हासिल किए. इसके बाद मामला दर्ज कर लगभग 100 संदिग्धों से पूछताछ की गई.
राजकोट ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक विजयसिंह गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने 10 टीमें बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की. 100 संदिग्धों से पूछताछ की गई. बाद में 10 संदिग्धों की फोटो बच्ची को चाइल्ड काउंसलर, महिला पुलिस अधिकारियों तथा डॉक्टरों की मदद से दिखाई गई. उसने एक व्यक्ति की पहचान की. इसके बाद हमने चिन्हित शख्स को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया. उसने बताया कि 4 दिसंबर को सुबह करीब 11 बजे खेत के पास पानी की टंकी के नजदीक उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था. जब वह इसमें असफल रहा तो गुस्से में उसने बच्ची के निजी अंग में लोहे की रॉड डालकर उसे घायल कर दिया.
आरोपी मध्य प्रदेश के अलीराजपुर का निवासी है. वह यहां आटकोट में खेत में मजदूरी करता है. आरोपी शादीशुदा है और उसकी एक बेटी और दो बेटे हैं.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
