6वीं के छात्र की अचानक मौत… बेहोश होकर गिरा और फिर उठा ही नहीं
6वीं के छात्र की अचानक मौत… बेहोश होकर गिरा और फिर उठा ही नहीं….
लखनऊ में छठवीं क्लास के एक छात्र की शुक्रवार सुबह हार्ट अटैक से मौत हो गई. वह महानगर स्थित मोंट फोर्ट इंटर कॉलेज का छात्र था. टीचर ने बताया- छात्र ने ढाई घंटे तक इंग्लिश का पेपर दिया और उसके बाद पानी पीने के लिए उठा. पानी पीने के बाद बेहोश होकर गिर गया. स्कूल में उसे प्राथमिक उपचार दिया गया. हालत में सुधार नहीं होने पर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बच्चे की पहचान जानकीपुरम के रहने वाले छात्र अमेय सिंह उर्फ आरव के रूप में हुई. कॉलेज के टीचर उसे भाऊराव देवरस सिविल अस्पताल ले गए. वहां डॉक्टरों ने काफी देर तक उसे CPR दिया लेकिन आरव की बॉडी में कोई हरकत नहीं हुई.
स्कूल के NCC इंचार्ज राजन सिंह परिहार ने बताया- सुबह 8 बजे से इंग्लिश पेपर था. अमेय ने ढाई घंटे पेपर दिया और फिर पानी पिया. पेपर खत्म करने के बाद कॉपी जमा की. इसके बाद जैसे ही अपनी डेस्क की ओर बढ़ा वह बेहोश होकर गिर गया. अमेय को स्कूल में ही प्राथमिक उपचार और सीपीआर दिया गया लेकिन जब होश नहीं आया तो उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया.
टीचर ने बताया- अमेय स्कूल में काफी एक्टिव था. स्पोर्टस के साथ ही एकेडमिक प्रतियोगिताओं में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेता था. उसे कभी देखकर ऐसा नहीं लगा कि वह बीमार है. शुक्रवार सुबह भी वह नॉर्मल दिख रहा था. पेपर के दौरान भी वह काफी सहज था.
BRD अस्पताल महानगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत दीक्षित ने बताया- 11 बजकर 5 मिनट पर अचेत अवस्था में आरव नाम के बच्चे को लाया गया था. इमरजेंसी के डॉक्टरों ने काफी प्रयास किया पर बच्चे को बचाया नहीं जा सका. उसे 11 बजकर 29 मिनट पर ब्रॉट डेड डिक्लेयर किया गया.
टीचर्स ने बताया कि जब बच्चा स्कूल आया था तो पूरी तरह स्वस्थ था. परीक्षा के दौरान भी वह असहज नहीं दिखा. डॉक्टर्स केस स्टडी कर रहे हैं.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
