राजनाथ सिंह का बयान, “…..सिंध फिर से भारत में वापस आ सकता है” पर तिलमिला गया पाकिस्तान, दी प्रतिक्रिया
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ (फाइल फोटो | आईएएनएस)
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के “सीमा बदलने” संबंधी बयान पर पाकिस्तान ने प्रतिक्रिया दी है. पड़ोसी देश ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे “हिंदुत्व आधारित विस्तारवादी सोच” से जोड़ने की कोशिश की है.
दरअसल, राजनाथ सिंह ने दिल्ली में आयोजित सिंधी समाज के एक कार्यक्रम में कहा था कि “भले ही आज सिंध भौगोलिक रूप से भारत का हिस्सा नहीं है लेकिन सभ्यतागत रूप से वह हमेशा भारत का अभिन्न अंग रहा है और भविष्य में उसके फिर से भारत में लौटने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.”
रक्षा मंत्री के इस बयान के बाद पाकिस्तान बौखला गया है. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसे बयान “हिंदुत्व की विस्तारवादी मानसिकता” को दर्शाते हैं और यह अंतरराष्ट्रीय कानून तथा मान्यता प्राप्त सीमाओं का उल्लंघन है.
पाकिस्तान ने भारत को नसीहत देते हुए कहा कि भारतीय नेतृत्व “भड़काऊ वक्तव्य” देने के बजाय अपने यहां की “अल्पसंख्यक सुरक्षा” और “आंतरिक समस्याओं” पर ध्यान दे. बयान में यह भी कहा गया है कि भारत को अपने पूर्वोत्तर राज्यों में लोगों की “शिकायतों और अलगाव की भावना” को भी दूर करना चाहिए.
भारत की ओर से राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया था कि सिंध के पाकिस्तान में विलय को सिंधी हिंदुओं की पुरानी पीढ़ियों ने कभी स्वीकार नहीं किया. उनके इस बयान को लेकर पाकिस्तान की प्रतिक्रिया क्षेत्रीय राजनीति में नए तनाव की झलक देती है.
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
