सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन, घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा के कद्दावर नेता को दी थी शिकस्त

Sudhakar Singh (1)
The Hindi Post

लखनऊ | उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार को निधन हो गया. समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर सुधाकर सिंह के निधन की पुष्टि की.

जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय सुधाकर सिंह को सीने में दर्द की शिकायत के बाद लखनऊ के वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था. दो दिन बाद गुरुवार को सुबह लगभग चार बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

सपा ने आधिकारिक तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुखद. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें. शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुख सहने का संबल प्राप्त हो.”

सुधाकर सिंह के निधन से समाजवादी पार्टी और उनके समर्थकों समेत राजनीतिक हलके में शोक की लहर दौड़ गई. समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव गुरुवार सुबह अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की.

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक श्री सुधाकर सिंह जी का निधन अत्यंत दुखद. शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुख सहने का संबल प्राप्त हो.”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सुधाकर सिंह के निधन के बाद उन्हें श्रद्धांजलि दी. मुख्यमंत्री ने कहा, “जनपद मऊ के घोसी विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुधाकर सिंह का निधन अत्यंत दुखद है. उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति और शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.”

सपा सांसद राजीव राय ने भी सुधाकर सिंह के निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की.

सुधाकर सिंह उस समय काफी चर्चा में आए थे जब मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा के कद्दावर नेता दारा सिंह चौहान को शिकस्त दी थी. यह जीत सपा के लिए बड़ी उपलब्धि थी.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!