10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने नीतीश कुमार, इन विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ…
नीतीश कुमार ने ली बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ (फोटो: आईएएनएस)
10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने नीतीश कुमार, इन विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ…
पटना | नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री बने हैं. पटना के गांधी मैदान में आयोजित समारोह में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित रहे. राष्ट्रगान के साथ गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत हुई. इसके बाद राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल. चोंग्थू ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का आदेश पढ़ा.
बिहार के राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 164 (1) के तहत मिली शक्तियों का प्रयोग करते हुए नीतीश कुमार को बिहार का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है. इसके साथ, राज्यपाल ने मुख्यमंत्री की सलाह से मंत्रिमंडल के सदस्यों की नियुक्ति की है. राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई. इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंच पर मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जाकर मिले.
मुख्यमंत्री के बाद उपमुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा को शपथ दिलाई गई.
Patna, Bihar: Janata Dal (U) chief Nitish Kumar is sworn in as the Chief Minister of Bihar for the 10th time pic.twitter.com/dCL77LdZcw
— IANS (@ians_india) November 20, 2025
इसके अलावा, शपथ लेने वाले मंत्रियों में विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र कुमार यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, मदन सहनी, नितिन नबीन, रामकृपाल यादव, संतोष कुमार सुमन, सुनील कुमार, मोहम्मद जमा खान, संजय सिंह टाइगर,अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद, रमा निषाद, लखेंद्र कुमार रौशन, श्रेयसी सिंह, प्रमोद कुमार, संजय कुमार, संजय कुमार सिंह और दीपक प्रकाश थे.
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने पांच से छह सदस्यों के ग्रुप में बारी-बारी से नवनिर्वाचित मंत्रियों को बुलाकर पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. शपथ ग्रहण समारोह में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस, गुजरात के भूपेंद्र पटेल, उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ, असम के हिमंत बिस्वा सरमा, नगालैंड के नेफियू रियो, राजस्थान के भजनलाल शर्मा, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी, दिल्ली की रेखा गुप्ता, हरियाणा के नायब सिंह सैनी और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल रहे.
एनडीए शासित राज्यों के उपमुख्यमंत्री भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे. इसके अलावा, एनडीए के घटक दलों के प्रमुखों ने भी नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लिया.
IANS
