उपचुनाव वाली सभी आठ सीटों पर आए नतीजे, कितनी सीटें जीती भाजपा और कांग्रेस ?
AI तस्वीर / (फोटो क्रेडिट : ChatGPT)
बिहार चुनाव के साथ छह राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर की आठ सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं. सात राज्यों की आठ सीटों पर हुए उपचुनाव में दो सीटों- नुआपाड़ा (ओडिशा), नगरोटा (जम्मू-कश्मीर) पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है. दूसरी ओर जुबली हिल्स (तेलंगाना) और अंता (राजस्थान) विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है, जबकि झारखंड की घाटशिला सीट पर सत्तारूढ़ जेएमएम प्रत्याशी सोमेश सोरेन विजयी हुए हैं.
पंजाब की तरन तारन सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है. वही मिजोरम की डम्पा विधानसभा सीट पर मिजो नेशनल फ्रंट के उम्मीदवार ने बाजी मारी है.
बिहार विधानसभा चुनाव के साथ जिन राज्यों की विधानसभा सीटों के लिए 11 नवंबर को वोटिंग हुई थी, उनमें बिहार के पड़ोसी राज्य झारखंड, पंजाब, राजस्थान, ओडिशा, तेलंगाना और मिजोरम की एक-एक विधानसभा सीट शामिल थी.
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर की दो विधानसभा सीटों के लिए वोटिंग हुई थी. सभी सीटों पर मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू हुई थी. सबसे पहले पोस्टल बैलट की गिनती की गई थी. इसके बाद ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू की गई थी. दोपहर बाद सभी सीटों के परिणाम सामने आ चुके है.
