बिहार नतीजों पर तेज प्रताप यादव ने दी प्रतिक्रिया, तेजस्वी को कहा ‘फेलस्वी’, किसे कहा जयचंद…?
जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव की फाइल फोटो / (फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया)
बिहार नतीजों पर तेज प्रताप यादव ने दी प्रतिक्रिया, तेजस्वी को कहा ‘फेलस्वी’, किसे कहा जयचंद…?
बिहार चुनाव के नतीजे आ गए है. इसमें एनडीए को बड़ी जीत हासिल हुई है. यानि अब राज्य में एनडीए की सरकार बनेगी. इन नतीजों पर तेज प्रताप यादव ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने अपने छोटे भाई तेजस्वी पर निशाना साधा है.
लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने कहा कि हमारी हार में भी जनता की जीत छिपी है. उन्होंने कहा, “आज के परिणामों को मैं जनादेश के रूप में स्वीकार करता हूं. हमारी हार कर भी जीत हुई है क्योंकि बिहार ने यह साफ संदेश दे दिया है कि अब राजनीति परिवारवाद की नहीं, सुशासन और शिक्षा की होगी.”
फेसबुक पोस्ट में तेज प्रताप ने आगे कहा, “ये जयचंदों की करारी हार है, हमने पहले ही कहा था इस चुनाव के बाद बिहार से कांग्रेस खत्म हो जाएगी और आज साफ-साफ दिख भी गया. मैं तो हारकर भी जीता हूं क्योंकि मेरे साथ जनता का प्रेम, विश्वास और आशीर्वाद खड़ा है. लेकिन सच्चाई कड़वी है. इन जयचंदों ने RJD को भीतर से खोखला कर दिया, बर्बाद कर दिया. इसी वजह से आज तेजस्वी फेलस्वी हो गया.
“जिन्होंने अपनी कुर्सी और अपनी राजनीति बचाने के लिए अपने ही घर को आग लगा दी, इतिहास उन्हें कभी माफ नहीं करेगा. मैं बार-बार कहता हूं कि जनता ही मां-बाप होता है. जनता का फैसला सर-माथे पर और आज भी उसी भावना के साथ मैं आपका फैसला स्वीकार करता हूं.”
उन्होंने आगे लिखा कि हार और जीत अलग बातें हैं, लेकिन इरादा और प्रयास ही असली जीत होते हैं. महुआ की जनता से मैंने जो वादे किए थे, उनको निभाने का प्रयास मैं लगातार करता रहूंगा, चाहे मैं विधायक बनूं या नहीं. मेरे दरवाजे हर समय जनता के लिए खुले रहेंगे.”
“बिहार ने सुशासन की सरकार चुनी है. हम उसका सम्मान करते हैं और जनता के हित में हर कदम पर रचनात्मक भूमिका निभाएंगे.”
“ये जीत हमारे यशस्वी कर्मठ प्रधानमंत्री और विश्व के सबसे मजबूत नेता नरेंद्र मोदी जी के व्यक्तित्व और उनके जादुई नेतृत्व का कमाल है. जनता ने माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के सुशासन को खुले दिल से अपनाया है. बिहार की यह ऐतिहासिक जीत भारत के गृहमंत्री और बीजेपी के चाणक्य माननीय अमित शाह जी तथा भारत सरकार में मंत्री और बीजेपी बिहार के प्रभारी श्री धर्मेंद्र प्रधान जी की कूटनीति, दूरदृष्टि और दिन-रात किए गए परिश्रम का परिणाम है.
तेज प्रताप यादव ने लिखा, “इस विजय का सबसे बड़ा कारण NDA की अटूट एकता है. NDA गठबंधन की सभी पांचों पार्टियों- ‘पांच पांडवों’ ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा और जनता ने अपना विश्वास, मत और भरपूर समर्थन देकर इस एकता को विजय की शक्ति में बदल दिया. यह जीत बिहार की जनता की है, यह जीत विश्वास की है, यह जीत विकास और सुशासन के संकल्प की है.”
“मैं बिहार की युवा शक्ति, मातृशक्ति और आप सभी को दिल से धन्यवाद देता हूं. आपने मुझे अपार प्यार दिया और यह प्रेम मेरी सबसे बड़ी पूंजी है. जनता की आवाज बनकर हम और मजबूती से वापस लौटेंगे.”
हिंदी पोस्ट वेब डेस्क
