केंद्र सरकार ने दिल्ली ब्लास्ट को माना आतंकी घटना, मारे गए लोगों ……

PM Modi meets injured at LNJP hospital - Delhi blast case (1)

Photo Credit: IANS

The Hindi Post

नई दिल्ली | लाल किले के पास हुए कार विस्फोट से जुड़ी आतंकवादी घटना में हुई जानमाल की हानि पर केंद्रीय मंत्रिमंडल ने गहरा दुख व्यक्त किया है. मंत्रिमंडल ने मारे गए निर्दोष लोगों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा.

मंत्रिमंडल की ओर से पारित प्रस्तावों में कहा गया कि लाल किले के पास राष्ट्र-विरोधी ताकतों द्वारा अंजाम दी गई एक जघन्य आतंकवादी घटना देश ने देखी है. इस विस्फोट में कई लोगों की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे. केंद्रीय कैबिनेट ने हिंसा की इस घटना के पीड़ितों के प्रति गहरी श्रद्धांजलि अर्पित की और साथ ही शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना की.

मंत्रिमंडल ने कहा कि वे सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता है और पीड़ितों की देखभाल और उन्हें सहायता प्रदान करने वाले चिकित्सा कर्मियों और आपातकालीन प्रतिक्रियाकर्ताओं के त्वरित प्रयासों की सराहना करता है.

मंत्रिमंडल इस नृशंस और कायराना कृत्य की स्पष्ट रूप से निंदा करता है जिसके कारण निर्दोष लोगों की जान गई है. मंत्रिमंडल आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता दोहराता है.

मंत्रिमंडल ने अधिकारियों, सुरक्षा एजेंसियों और नागरिकों की समय पर और समन्वित प्रतिक्रिया की सराहना की जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में साहस और करुणा के साथ कार्य किया.

मंत्रिमंडल ने कहा कि उनका समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा अत्यंत प्रशंसनीय है. मंत्रिमंडल ने निर्देश दिए कि घटना की जांच अत्यंत तत्परता और पेशेवर तरीके से की जाए ताकि अपराधियों, उनके सहयोगियों और उनके प्रायोजकों की पहचान की जा सके और उन्हें बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में लाया जा सके. सरकार के द्वारा स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है.

मंत्रिमंडल ने कहा कि देश और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए सरकार दृढ़ संकल्प है.


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!