पहले एक ने घेरा फिर पूरे झुंड ने कर दिया हमला, युवक पर आवारा कुत्तों के हमले का खौफनाक VIDEO
(सांकेतिक तस्वीर : आईएएनएस)
पहले एक ने घेरा फिर पूरे झुंड ने कर दिया हमला, युवक पर आवारा कुत्तों के हमले का खौफनाक VIDEO
ग्रेटर नोएडा | शहर की पॉश सोसायटियों में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला बिसरख थाना क्षेत्र की महागुन माईवुड्स सोसायटी का है, जहां आवारा कुत्तों के झुंड ने एक रेजिडेंट पर हमला कर दिया. घटना के बाद सोसायटी के निवासियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है. जानकारी के अनुसार, सोसायटी के एक निवासी रोज की तरह देर शाम टहलने के लिए सोसायटी के पार्क के पास निकले थे. तभी अचानक 3 से 4 आवारा कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया. पीड़ित निवासी के अनुसार, कुत्ते अचानक झाड़ियों से निकले और उन्हें चारों तरफ से घेर लिया. उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई. इस दौरान मदद के लिए कोई आसपास नहीं था.
ग्रेटर नोएडा:-
ग्रेटर नोएडा महागुन माईवुड्स सोसाइटी में फिर दिखा आवारा कुत्तों का आतंक
सोसाइटी में पार्क के पास 3 से 4 आवारा कुत्तों ने एक रेजिडेंट पर किया हमला
रेजिडेंट ने किसी तरह खुद को आवारा कुत्तों से बचाया
पूरी घटना लगे CCTV कैमरे में हुई कैद।PS बिसरख pic.twitter.com/h2Epr9wwoc— Journalist Amar Saini (@AmarSai91829221) October 31, 2025
पीड़ित व्यक्ति ने बताया कि उन्होंने किसी तरह खुद को बचाया और बाद में इस पूरी घटना की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की. सोशल मीडिया पर घटना की जानकारी मिलते ही अन्य रेजिडेंट्स ने भी अपनी चिंता जाहिर की और स्थानीय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया.
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना सोसायटी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसे अब पुलिस और आरडब्ल्यूए के साथ साझा किया गया है. निवासियों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब महागुन माइवुड्स में इस तरह की घटना हुई हो. पिछले कुछ महीनों में कई बार बच्चों और बुजुर्गों पर आवारा कुत्तों के हमले की शिकायतें आ चुकी हैं. बावजूद इसके, नगर निगम और पशु नियंत्रण विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.
रेजिडेंट्स का कहना है कि सोसायटी में कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और पशु प्रेमियों के कारण इन्हें पकड़ने या हटाने में बाधाएं आती हैं. कई लोग नियमित रूप से इन कुत्तों को खाना खिलाते हैं, जिससे वे पार्क और आम रास्तों के आसपास मंडराते रहते हैं.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवारा कुत्तों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए, ताकि सोसायटी के बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. वहीं, बिसरख थाना पुलिस ने कहा है कि घटना की जानकारी मिलते ही सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है और प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया गया है.
आईएएनएस
