पत्नी ने सेक्स के लिए हामी नहीं भरी तो पति बना हैवान, उसे छत से नीचे फेंका
सांकेतिक तस्वीर
पत्नी ने सेक्स के लिए कहा ना तो पति बना हैवान, उसे छत से नीचे फेंका…
यूपी के झांसी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां मंगलवार की देर रात शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने पर पति ने पत्नी को छत से फेंक दिया. करीब तीस फीट नीचे गिरकर महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए. जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है. वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
ये घटना कोतवाली मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के गांव स्यावरी का है. तीजा और गांव का ही मुकेश काफी समय से एक-दूसरे को जानते थे. एक बार उन्हें ग्रामीणों व परिजनों ने पकड़ लिया था. इसके बाद मंदिर में शादी कराई थी. तीजा ने बताया कि उसने मुकेश से 2022 में लव मैरिज की थी. शादी के बाद एक साल तक सब कुछ ठीक रहा. उसके बाद उसका पति अक्सर घर से बाहर रहने लगा. जब भी घर आता तो उसके साथ मारपीट करता. दो दिन पहले ही मुकेश घर आया और उसके साथ कल भी मारपीट की देर रात जबरन शारिरिक संबंध बनाए. उसने विरोध किया तो मारपीट करने लगा.
मंगलवार की रात फिर मुकेश जबरन संबंध बनाने लगा तो पत्नी एतराज जताया. जिस पर मुकेश आक्रोशित हो गया. वह उसे घर की छत पर ले गया. पीड़िता ने बताया कि उसे वहां से नीचे धक्का दे दिया. जिससे वह चीखते हुए नीचे गिरी और लहूलुहान हो गई. वहीं शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए. आनन-फानन में वह मदद को दौड़े. सूचना पर कोतवाली मऊरानीपुर थाना प्रभारी विद्यासागर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे. उन्होंने घटना स्थल का जायजा लिया. लोगों की मदद से घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर भिजवाया. जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज झांसी भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक मामले जांच की जा रही है. अगर कोई शिकायत मिलती है तो अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
पीड़िता तीजा ने बताया कि मुकेश और वो एक-दूसरे को काफी समय से जानते थे और मिलते-जुलते थे. मुकेश उसके घर उससे मिलने आया करता था. तभी घरवालों ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद दोनों की मंदिर से शादी कराई गई थी. जिसमें ग्रामीण भी एकत्र हो गए थे.
