पहले लाश पर डाला तेल फिर घी और शराब…., UPSC छात्र को लिव इन पार्टनर ने दी खौफनाक मौत, पुलिस भी रह गई हैरान……
सांकेतिक तस्वीर
नई दिल्ली । दिल्ली के उत्तरी जिले के तिमारपुर थाने की पुलिस ने यूपीएससी अभ्यर्थी रामकेश मीणा की नृशंस हत्या के सनसनीखेज मामले को सुलझा लिया है. बीएससी फोरेंसिक साइंस की छात्रा अमृता चौहान (21 वर्ष) सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
आरोपियों ने रामकेश का गला घोंटकर हत्या की और फिर आगजनी का नाटक रचकर इसे दुर्घटना दिखाने की कोशिश की. पुलिस ने मृतक का कुछ सामान और आरोपियों के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
यह घटना 6 अक्टूबर को गांधी विहार के ई-60 ब्लॉक की चौथी मंजिल पर घटी. थाना तिमारपुर को आग लगने की सूचना मिली तो पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंची.आग बुझाने के बाद अपराध शाखा और एफएसएल टीम ने जांच की. यहां से पुलिस को बुरी तरह जला हुआ शव मिला. मृतक की पहचान 32 वर्षीय रामकेश मीणा के रूप में हुई. मीणा राजस्थान के निवासी थे और दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे. जब परिवार ने रामकेश की मौत पर संदेह जताया तो एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी.
जांच में सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ कि 5-6 अक्टूबर की मध्यरात्रि को दो व्यक्ति बिल्डिंग में घुसे और फिर 39 मिनट बाद एक व्यक्ति बाहर निकला. सुबह 2:57 बजे अमृता चौहान एक व्यक्ति के साथ बाहर आती दिखी. आग इन्हीं के जाने के तुरंत बाद (बिल्डिंग से निकलने के बाद) लगी. अमृता की सीडीआर से लोकेशन ई-ब्लॉक के पास मिली. इसके बाद FIR में हत्या की धाराएं (326(जी)(एफ)/103(1)/3(5) बीएनएस) जोड़ी गई.
इंस्पेक्टर पंकज तोमर के नेतृत्व में एसआई दीपक शर्मा, एसआई मोहित उज्ज्वल, एचसी राहुल, एचसी रामरूप, एचसी टिंकू यादव, कांस्टेबल मनोज और डब्ल्यू/कांस्टेबल रजनी की एक टीम बनी. थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और एसीपी शशिकांत गौड़ के मार्गदर्शन में मुरादाबाद में छापे मारे गए. इसके बाद 18 अक्टूबर को अमृता गिरफ्तार हुई.
पूछताछ में उसने कबूल किया कि मई 2025 में मीणा से दोस्ती हुई थी. बाद में यह दोस्ती लिव-इन रिलेशनशिप में बदल गई. रामकेश ने अमृता के अश्लील वीडियो-फोटो रिकॉर्ड करके हार्ड डिस्क में रख लिए थे. जब अमृता ने इन्हें डिलीट करने के लिए कहा तो रामकेश ने ऐसा करने से मना कर दिया.
इसके बाद अमृता ने पूर्व प्रेमी सुमित कश्यप (27 वर्ष) को इस बारे में बताया. अमृता की बात सुनकर वह नाराज हो गया. सुमित और उसके दोस्त संदीप कुमार (29 वर्ष) ने बदला लेने की साजिश रची.
तीनों मुरादाबाद के रहने वाले है. वे मुरादाबाद से दिल्ली पहुंचे और यहां से वे रामकेश के घर पहुंचे. रामकेश बिल्डिंग की चौथी मंजिल पर रहते थे. आधी रात के बाद तीनों ने रामकेश का गला दबा के उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि इसके बाद उन्होंने लाश पर घी, तेल और शराब डाल दिया ताकि वह पूरी तरह से जल जाए. इसके बाद उन्होंने गैस सिलेंडर का वाल्व खोल दिया और वहां से निकल भागे. कमरे में गैस भरते ही जोरदार धमाका हुआ. इससे सब जलकर राख हो गया.
पुलिस ने अमृता की निशानदेही पर हार्ड डिस्क, ट्रॉली बैग और रामकेश की कमीज बरामद कर ली है. पुलिस ने कहा कि जांच पूरी हो चुकी है और कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जाएगी.
