कानपुर: घाटमपुर में पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी का किया हाफ एनकाउंटर
फोटो क्रेडिट: आईएएनएस
कानपुर | उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर में रविवार को पुलिस और दुष्कर्म के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई जिसके बाद उसको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जानकारी के अनुसार, घाटमपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर बलाहापारा जंगल में रविवार को पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी अनुराग उर्फ सुलखान का हाफ एनकाउंटर कर दिया. मुठभेड़ में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी जिसके बाद उसे इलाज के लिए तुरंत सीएचसी घाटमपुर भेजा गया.
बता दें कि घाटमपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक 5 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी. पीड़िता के पिता की लिखित शिकायत के आधार पर थाना घाटमपुर में अनुराग उर्फ सुलखान निवासी ग्राम राहा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था.
रविवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त अनुराग उर्फ सुलखान रतनपुर बलाहापारा के जंगलों में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ जंगल क्षेत्र में तलाशी के लिए पहुंचे. इसी दौरान एक व्यक्ति ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी. आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और अभियुक्त अनुराग उर्फ सुलखान को गिरफ्तार कर लिया.
इस दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगी जिससे वह घायल हो गया. पुलिस ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घाटमपुर भिजवाया जहां उसका इलाज चल रहा है. मुठभेड़ स्थल पर साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है. पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. साथ ही, इस मामले में अन्य संभावित सुरागों की जांच भी शुरू कर दी गई है.
आईएएनएस
