दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा पर एसिड अटैक, तेजाब से झुलस गए दोनों हाथ….

Acid attack IANS (1) (1)

सांकेतिक तस्वीर (IANS)

The Hindi Post

नई दिल्ली | दिल्ली विश्वविद्यालय के लक्ष्मीबाई महाविद्यालय की 20 वर्षीय छात्रा पर कॉलेज के बाहर तेजाब हमला होने से पूरे शैक्षणिक परिसर में सनसनी फैल गई है. घटना रविवार सुबह अशोक विहार क्षेत्र में तब हुई जब छात्रा पढ़ने जा रही थी.

जानकारी के अनुसार, तीन आरोपी मोटरसाइकिल से आए थे. उन्होंने छात्रा पर तेजाब से हमला किया और मौके से भाग निकले. इस हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई है. उसे तत्काल दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाया गया जहां प्रारंभिक उपचार के बाद पुलिस को सूचना दी गई.

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी का नाम जितेंद्र है. तीन आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए है. छात्रा ने बताया कि जितेंद्र का उसके साथ एक महीने पहले झगड़ा हुआ था और उसके बाद से वह उसे परेशान कर रहा था. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य संग्रहित किए. पुलिस ने तीनों आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है.

इस घटना पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. संगठन ने हमले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

एबीवीपी दिल्ली प्रांत मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा, “दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा पर लक्ष्मीबाई महाविद्यालय के बाहर हुआ एसिड अटैक बेहद भयावह और निंदनीय घटना है. विश्वविद्यालय परिसर, जहां महिला सशक्तीकरण की बातें की जाती हैं, वहीं ऐसी घटनाएं समाज और विश्वविद्यालय दोनों को शर्मसार करने वाली हैं.”

उन्होंने कहा, “महाविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार लापरवाही और शिकायतों की अनदेखी ने छात्राओं को असुरक्षित बना दिया है. हम दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस से मांग करते हैं कि दोषियों की जल्द पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाए ताकि पीड़ित छात्रा को शीघ्र न्याय मिले. छात्रा को न्याय दिलाने के लिए एबीवीपी हर स्तर पर संघर्ष करेगी.”

एबीवीपी ने दिल्ली विश्वविद्यालय प्रशासन से अपील की है कि आगे ऐसी घटनाएं न हों इसके लिए सुरक्षा प्रबंधों को सख्ती से लागू किया जाए. संगठन ने सीसीटीवी फुटेज की तत्काल जांच और दोषियों की गिरफ्तारी पर जोर दिया.

IANS

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!