पांच लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए डीआईजी, सीबीआई की बड़ी कार्रवाई
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
पांच लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए डीआईजी, सीबीआई की बड़ी कार्रवाई
सीबीआई ने गुरूवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस के डीआईजी (रोपड़ रेंज) हरचरण सिंह भुल्लर को 5 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया.
यह पता चला है कि सीबीआई ने डीआईजी भुल्लर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था. सूत्रों ने कहा कि 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी भुल्लर एक बिजनेसमैन से हर महीने 5 लाख रूपए की रिश्वत ले रहे थे. उनको बिजनेसमैन की कम्प्लेंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार पुलिस अधिकारी को चंड़ीगढ़ की सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा. डीआईजी के अरेस्ट के बाद सीबीआई ने उनसे जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया. इस तलाशी अभियान से रिश्वतखोरी से जुड़े और सबूत मिलने की उम्मीद है.
सूत्रों के अनुसार, डीआईजी भुल्लर एक स्क्रैप डीलर से जुड़े मामले में 5 लाख रुपये मासिक रिश्वत वसूल रहे थे. शिकायत मिलने पर सीबीआई ने जाल बिछाया और उन्हें पकड़ लिया. उन्हें मोहाली के एक होटल से पकड़ा गया.
एक स्कैर डीलर (कबाड़ का काम करने वाले) ने सीबीआई से शिकायत की थी कि अवैध कार कारोबार को जारी रखने की अनुमति देने के बदले में डीआईजी भुल्लर ने उससे मासिक रिश्वत की मांग की थी.
स्क्रैप डीलर ने सीबीआई को बताया कि पहले डीआईजी ने 2 लाख रूपए की मांग की थी और बाद में उन्होंने इसे बढ़ा के 5 लाख रूपये कर दिया था. भुल्लर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
बता दे कि हरचरण सिंह भुल्लर अलग-अलग जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य कर चुके हैं. रोपड़ रेंज में उनके कार्यकाल के दौरान, अवैध कार व्यापार के कई मामले उजागर हुए, जहां कबाड़ वाहनों के चेसिस नंबर बदलकर उन्हें बेचा जा रहा था.
By IANS
