दर्दनाक सड़क हादसा : ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, भीषण आग में जिंदा जले चार दोस्त

Accident vehicle catches fire Depositphotos_845218090_XL (1) (1) (1)

सांकेतिक तस्वीर

The Hindi Post

दर्दनाक सड़क हादसा : ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो, भीषण आग में जिंदा जले चार दोस्त

 

बालोतरा | राजस्थान के बालोतरा जिले के सिणधरी थाना क्षेत्र में सड़ा गांव के पास बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में चार दोस्तों की जिंदा जलने से मौत हो गई जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. यह हादसा तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत के कारण हुआ जिसके बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई.

पुलिस के अनुसार, देर रात सड़ा गांव के पास एक स्कॉर्पियो और सामने से आ रहे ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई. स्कॉर्पियो में सवार चार लोग आग की चपेट में आ गए और उन्हें बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हादसे में मोहन सिंह (35) पुत्र धूड सिंह, शम्भू सिंह (20) पुत्र दीप सिंह, पांचाराम (22) पुत्र लुम्बाराम और प्रकाश (28) पुत्र सांपाराम की मौके पर ही जलने से मौत हो गई. स्कॉर्पियो के ड्राइवर दिलीप सिंह (उम्र का उल्लेख नहीं) गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल दिलीप सिंह को अस्पताल पहुंचाया जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

हादसे की सूचना मिलते ही सिणधरी पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं लेकिन आग इतनी तेज थी कि चार लोगों को बचाया नहीं जा सका. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और संभवतः चालक की लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है.

इस दुखद घटना से इलाके में शोक की लहर है. मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है.

IANS

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!