हरियाणा आईपीएस सुसाइड केस में पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, परिवार ने….
सांकेतिक तस्वीर (आईएएनएस)
चंडीगढ़ | हरियाणा पुलिस के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने गुरुवार रात को एफआईआर दर्ज की. हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर और रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजारणिया समेत सुसाइड नोट में शामिल 14 अधिकारियों के खिलाफ यह एफआईआर दर्ज की गई है.
चंडीगढ़ पुलिस की तरफ से बताया गया कि अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 108 आरडब्ल्यू 3(5) बीएनएस और 3(1)(आर) पीओए (एससी/एसटी) अधिनियम के अंतर्गत एफआईआर दर्ज की गई है. यह कार्रवाई चंडीगढ़ सेक्टर पुलिस ने की है. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है.
बता दें कि हरियाणा के आईपीएस वाई पूरन कुमार ने 7 अक्टूबर को चंडीगढ़ सेक्टर-11 स्थित अपने आवास पर गोली मारकर जान दे दी थी.
घटना के समय उनकी पत्नी अमनीत पी कुमार घर पर मौजूद नहीं थीं. वह हरियाणा कैडर की आईएएस अधिकारी हैं और प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ जापान दौरे पर थीं. वह वर्तमान में विदेश सहयोग विभाग की आयुक्त एवं सचिव के पद पर तैनात हैं.
इस मामले में जांच जारी है. पुलिस ने उस घर को सील कर दिया है जिसमें आईपीएस अधिकारी ने अपनी जान दे दी थी.
चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर के अनुसार, सेक्टर-11 पुलिस स्टेशन को 07 अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे खबर मिली थी थी की किसी ने आत्महत्या कर ली है. पुलिस जब मौके पर पहुंची तो आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार का शव उनके घर पर मिला.
वाई पूरन कुमार हरियाणा कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी थे और वह इस समय पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में तैनात थे. अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने राज्य पुलिस में कई अहम पदों पर जिम्मेदारी निभाई थी.
