एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने BCCI से मांगी माफ़ी पर एशिया कप की ट्रॉफी ….
एशियन क्रिकेट काउंसिल के चेयरमैन मोहसिन नकवी (फोटो क्रेडिट: आईएएनएस)
नई दिल्ली | भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के बीच एशिया कप 2025 की ट्रॉफी को लेकर चल रहा विवाद गहरा गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पीसीबी (पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड) प्रमुख मोहसिन नकवी ने अपनी हरकत को लेकर BCCI से माफी मांगी है लेकिन उन्होंने ट्रॉफी और मेडल देने से साफ इनकार कर दिया.
नकवी ने कहा कि सूर्या (सूर्यकुमार यादव) अगर सम्मान प्राप्त करना चाहते हैं तो उन्हें दुबई आकर ट्रॉफी लेनी होगी. जानकारी के मुताबिक, बैठक में बीसीसीआई का प्रतिनिधित्व करने वाले राजीव शुक्ला ने नकवी से कड़े सवाल पूछे. शुक्ला ने कथित तौर पर चर्चा के दौरान कहा, “विजेता टीम को ट्रॉफी क्यों नहीं सौंपी गई? एसीसी ट्रॉफी किसी व्यक्ति की निजी संपत्ति नहीं है.”
बैठक में मोहसिन नकवी ने दावा किया कि एसीसी (एशियन क्रिकेट काउंसिल) को कोई लिखित सूचना नहीं दी गई थी कि भारतीय टीम उनसे ट्रॉफी स्वीकार नहीं करेगी.
सूत्रों के अनुसार, नकवी ने BCCI से कहा कि भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव को दुबई आकर ट्रॉफी लेने की जरूरत है. BCCI ने सवाल उठाया, ‘जब आप वहां थे, तब उन्होंने ट्रॉफी नहीं ली थी, अब क्या आप सोचते हैं कि वह खुद ट्रॉफी लेंगे?’
आपको बता दे की मोहसिन नकवी एसीसी और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष होने के साथ-साथ पाकिस्तान के गृह मंत्री भी हैं. एशिया कप फाइनल में भारतीय टीम की पाकिस्तान पर जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. लंबे इंतजार के बाद भारतीय टीम को सौंपने की जगह नकवी ट्रॉफी लेकर चले गए थे.
