बर्थडे पार्टी के दौरान ततैयों ने किया हमला, एक ही परिवार के 12 लोग….

HONEY BEE META

सांकेतिक तस्वीर : Meta AI

The Hindi Post

बर्थडे पार्टी के दौरान ततैयों ने किया हमला, एक ही परिवार के 12 लोग….

 

सलेम | तमिलनाडु के सलेम जिले के आथूर क्षेत्र स्थित पर्यटन स्थल आनाई वारी वाटरफॉल्स पर एक खुशी का अवसर उस समय दुखद हादसे में बदल गया जब एक परिवार के जन्मदिन समारोह के दौरान ततैयों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया.

ततैयों के हमले के बाद 12 घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों में दहशत का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, कल्लनाथम पंचायत के कलवरायण पहाड़ियों की तलहटी में स्थित आनाई वारी पर्यटक स्थल पर सिथेरी गांव के रहने वाले सेंथिल अपने बेटे शिवकार्तिकेयन (9) का जन्मदिन मनाने गए थे. परिवार के कुल 15 लोग इस समारोह में शामिल हुए थे.

जैसे ही केक काटने की तैयारी हो रही थी तभी पास के एक पेड़ पर बंदर चढ़ गया. बंदर की हलचल से वहां मौजूद ततैयों का छत्ता हिल गया और देखते ही देखते हजारों ततैये वहां मौजूद लोगों पर टूट पड़े. इस हमले में 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायलों में एक वर्ष का मासूम, पांच अन्य बच्चे, पांच माह की गर्भवती महिला और स्थानीय स्वच्छता कर्मी शामिल हैं.

घटना के तुरंत बाद अन्य पर्यटकों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से आथूर सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी घायलों का गहन उपचार जारी है.

आईएएनएस

 


The Hindi Post
error: Content is protected !!