आधा किलो सोना, 35 किलो चांदी, बाइक सवार बदमाशों ने दिन दहाड़े छीने 1 करोड़ के गहने, अब पुलिस ने…..
सांकेतिक तस्वीर (Meta AI)
आधा किलो सोना, 35 किलो चांदी, बाइक सवार बदमाशों ने दिन दहाड़े छीने 1 करोड़ के गहने, अब पुलिस ने…..
नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम के पास दो बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर करीब 1 करोड़ रुपए के सोने-चांदी से भरे बैग लूट लिए और बाइक पर सवार होकर फरार हो गए.
जानकारी के अनुसार, शिवम कुमार यादव और उसका साथी राघव दोनों एक होंडा एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर चांदनी चौक से भैरों मंदिर की ओर जा रहे थे. वे सोना-चांदी के आभूषण लेकर लौट रहे थे. जैसे ही वे भैरों मंदिर पार्किंग के पास सड़क पर पहुंचे, अचानक एक बाइक पर सवार दो लड़कों ने उन्हें रोक लिया.
इन दोनों बदमाशों ने पीड़ितों पर पिस्तौल तान दी और उनके पास मौजूद बैग छीन लिए, जिनमें से एक बैग में करीब 500 ग्राम सोने की ज्वेलरी और दूसरे बैग में 35 किलो चांदी रखी हुई थी. अनुमान है कि इस लूट की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए के आसपास है.
घटना की जानकारी मिलते ही तिलक मार्ग थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पुलिस ने बताया कि कॉलर को अपाचे बाइक का पूरा नंबर याद नहीं है जिससे बदमाश फरार हुए हैं.
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके और उनकी लोकेशन का पता लगाया जा सके. फिलहाल जांच जारी है और पुलिस की कई टीमें इस हाई-प्रोफाइल लूट की तहकीकात में जुट गई हैं.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि हम सभी संभावित सुरागों पर काम कर रहे हैं. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मामला संवेदनशील है, इसलिए हर एंगल से जांच की जा रही है.
IANS
