“पाकिस्तान के साथ मैच खेलना देश के साथ गद्दारी है, पूरा देश…”, बोले केजरीवाल

Arvind Kejriwal 2 (3) (1)

CM अरविंद केजरीवाल की फाइल फोटो

The Hindi Post

“पाकिस्तान के साथ मैच खेलना देश के साथ गद्दारी है, पूरा देश…”, बोले केजरीवाल

 

 

आज दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का मैच खेला जाना है. दोनों के बीच होने वाले इस मुकाबले को लेकर भारत का एक वर्ग काफी गुस्से में है. उसने पीएम मोदी, अमित शाह से इसे कैंसिल कराने और बीसीसीआई को काफी भला-बुरा कहा. सोशल मीडिया पर तो बायकॉट करने की अपील जोर पकड़ रही है. इस बीच आम आदमी पार्टी के सर्वेसर्वा अरविंद केजरीवाल ने फिर इस मैच के बहाने मोदी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ मैच खेलना देश के साथ गद्दारी करना है. उन्होंने शनिवार को भी इस मैच के लिए पीएम मोदी पर हमला किया था.

अरविंद केजरीवाल ने आज उन्हीं के पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज के एक एक्स पोस्ट पर रिपोस्ट करते हुए लिखा कि पाकिस्तान के साथ मैच खेलना देश के साथ गद्दारी है. हर भारतीय इस बात से बेहद गुस्से में है. सौरभ भारद्वाज ने ने अपने एक्स पोस्ट पर लिखा था कि खून और खेल एक साथ नही चल सकते. इसके लिए उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया है जिसमें आईसीसी के चेयरमैन जय शाह, पीएम मोदी और मंत्री अनुराग ठाकुर पर निशाना साधा गया है.

केजरीवाल ने शनिवार को अपने एक पोस्ट में कहा था कि प्रधानमंत्री जी को पाकिस्तान के साथ मैच करवाने की आखिर क्या जरूरत है? सारा देश कह रहा है कि ये मैच नहीं होना चाहिए. फिर ये मैच क्यों करवाया जा रहा है? क्या ये भी ट्रम्प के दबाव में किया जा रहा है? आखिर ट्रम्प के आगे कितना झुकोगे? बता दें कि आम आदमी पार्टी आज भारत-पाक मैच का पुरजोर विरोध कर रही है. आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा कि पाकिस्तानी आतंकियों ने पहलगाम में हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा, जिसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि खून और पानी व खून और व्यापार एक साथ नहीं चल सकता लेकिन खून और क्रिकेट एक साथ चल रहा है. BJP के लिए देश का सम्मान और स्वाभिमान कोई मायने नहीं रखता क्योंकि इस मैच से इनके बेटों का धंधा जुड़ा हुआ है. देश के नौजवानों को समझना होगा कि बीजेपी के लिए देश नहीं बल्कि सट्टेबाजी और धंधा ज्यादा जरूरी है.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!