पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को कराया गया अस्पताल में भर्ती….
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत बिगड़ गई है जिसके बाद उन्हें मोहाली में फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. पिछले दो दिन से उनकी तबीयत खराब बताई जा रही थी और सेहत में कोई खास सुधार देखने को नहीं मिल रहा था.
स्वास्थ्य बिगड़ने पर डाक्टरों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी जिसके बाद उन्हें अब फोर्टिस ले जाया गया. बता दें कि सीएम भगवंत मान दवाइयां लेकर घर पर ही रेस्ट कर रहे थे लेकिन उनका ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ता-घटता गया. साथ ही उनकी सेहत में दवाइयों से खास सुधार नहीं देखा जा रहा था. इसके बाद डॉक्टर्स की सलाह पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.
अधिकारियों ने बताया कि पंजाब कैबिनेट की बैठक मुख्यमंत्री के बीमार पड़ने के बाद स्थगित कर दी गई. इसकी अध्यक्षता सीएम मान ही करने वाले थे. बैठक में राज्य में चल रहे राहत और बचाव कार्यों पर ध्यान केंद्रित होने की उम्मीद थी जो बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है.
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री मान को वायरल बुखार और पाचन संबंधी कुछ समस्याएं हैं लेकिन अब वह स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं. उनकी बीमारी की खबर के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार (4 सितंबर) को सीएम मान से उनके सरकारी आवास पर जाकर उनका हालचाल जाना था.
अरविंद केजरीवाल बाढ़ की स्थिति का आकलन करने के लिए बुधवार शाम पंजाब पहुंचे थे और पहले उनका मुख्यमंत्री के साथ प्रभावित इलाकों का दौरा करने का कार्यक्रम था. हालांकि, मान की अनुपस्थिति में, केजरीवाल बाद में कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के लिए चले गए.
