पूर्वी अफगानिस्तान में भूकंप से तबाही; गांव के गांव बर्बाद, 622 लोगों की मौत…..
Photo: (X/@Zarifa_Ghafari)
पूर्वी अफगानिस्तान में पाकिस्तान सीमा के पास आए एक शक्तिशाली भूकंप से कई गांवों को तबाह कर दिया है. इलाके में भारी नुकसान पहुंचा है. इस भूकंप में अब तक कम से कम 622 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कम से कम 500 अन्य घायल हुए हैं. खोज और बचाव दल के इलाके में पहुंचने के साथ ही मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका है. इससे पहले रविवार देर रात आए भूकंप ने पड़ोसी नंगरहार प्रांत के जलालाबाद शहर के पास कुनार प्रांत के कई कस्बों को बर्बाद कर दिया.
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, रात 11:47 बजे आए 6.0 तीव्रता के भूकंप का केंद्र नंगरहार प्रांत के जलालाबाद शहर से 27 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में था. यह महज आठ किलोमीटर की गहराई में था. कम तीव्रता वाले भूकंप ज्यादा नुकसान पहुंचाते हैं.
कुनार आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एक बयान में कहा कि नूर गुल, सोकी, वातपुर, मनोगी और चापादारे जिलों में कम से कम 250 लोग मारे गए और 500 अन्य घायल हुए. जन स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने कहा, “बचाव अभियान अभी भी जारी है. कई गांव पूरी तरह से तबाह हो गए हैं. शहीदों और घायलों के आंकड़े बदल रहे हैं. कुनार, नंगरहार और राजधानी काबुल से चिकित्सा दल इलाके में पहुंच चुके हैं.”
उन्होंने कहा कि कई इलाकों से हताहतों की संख्या की सूचना नहीं मिल पाई है. मौतों और घायलों की सूचना मिलने पर आंकडों में बदलाव की आशंका है.
