भारत के इस दिग्गज क्रिकेटर ने लिया इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास, सोशल मीडिया पर पोस्ट कर किया ऐलान

Story By IANS
The Hindi Post

नई दिल्ली | भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा कर दी है. पुजारा ने सोशल मीडिया के माध्यम से संन्यास की घोषणा की.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पुजारा ने लिखा, “भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना और हर बार मैदान पर कदम रखते हुए अपनी पूरी कोशिश करना – इसका असली मतलब शब्दों में बयां करना नामुमकिन है. लेकिन जैसा कि कहते हैं, हर अच्छी चीज का अंत होना ही होता है. पूरे आभार के साथ मैं भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले रहा हूं. आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद.”

फाइल फोटो | आईएएनएस

पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा, “मैं BCCI और सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन का धन्यवाद करना चाहता हूं जिन्होंने मुझे अवसर और समर्थन दिया. इसके अलावा मैं उन सभी टीमों, फ्रेंचाइजीज और काउंटी टीम का भी आभारी हूं जिनका प्रतिनिधित्व करने का मौका मुझे मिला. मैं यहां तक अपने गुरुओं, कोचों और मार्गदर्शकों की अमूल्य सीख के बिना नहीं पहुंच पाता. उनके प्रति मैं सदैव ऋणी रहूंगा.”

अंत में उन्होंने अपने माता-पिता, पत्नी और बेटी का भी शुक्रिया अदा किया है.

चेतेश्वर पुजारा टेस्ट क्रिकेट में भारतीय बल्लेबाजी की मजबूत कड़ी माने जाते रहे हैं. 2010 में अपने करियर का आगाज करने वाले पुजारा ने अपना आखिरी टेस्ट जून 2023 में खेला था.

पुजारा ने 103 टेस्ट मैचों की 176 पारियों में 43.60 की औसत से 7,195 रन बनाए है. उनका सर्वाधिक स्कोर 206 रहा. वह पांच वनडे भी खेले थे.

टेस्ट क्रिकेट में पिछले एक दशक में भारत को देश-विदेश में मिली तमाम बड़ी सफलताओं में उनका अहम योगदान रहा है. पिछले एक साल से पुजारा कमेंट्री के क्षेत्र में हाथ आजमा रहे हैं.

 

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!