‘द बंगाल फाइल्स’ के ट्रेलर लॉन्च में बवाल, तिलमिलाए डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री बोले- “हमारे ऊपर… “
फोटो क्रेडिट : आईएएनएस
मुंबई | फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री की आने वाली फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ का ट्रेलर शनिवार को रिलीज हो गया. ट्रेलर रिलीज इवेंट में जमकर हंगामा भी देखने को मिला. पहले फिल्म का ट्रेलर 12 बजे रिलीज होना था लेकिन फिर इसके रिलीज में देरी हुई और यह लगभग एक घंटे बाद शुरू हुआ.
दरअसल, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इवेंट को रुकवा दिया था. अब इस मामले पर विवेक अग्निहोत्री ने अपनी नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि हमारी आवाज को दबाया जा रहा है.
एएनआई ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें विवेक को कहते हुए सुना जा सकता है, “मैं आपको जानकारी देना चाहता हूं कि और यह बहुत जरुरी जानकारी है. मुझे अभी पता चला कि उन लोगों ने आकर यहां सारे तार काट दिए हैं. आपने आज के पहले किसी प्रोग्राम में देखा है कि प्राइवेट होटल के अंदर की आकर तार काट दे. यह किसके ऑर्डर पर हो रहा है, मुझे पता नहीं. क्यों हो रहा है मुझे पता नहीं. ‘द बंगाल फाइल्स’ एक वो फिल्म है जिसे देखने के बाद हर बंगाली गर्व से…. भारत के उस सच के बारे में जानेगा. कौन है वो लोग जो चाहते हैं कि लोग इसे ना जाने.”
Kolkata, West Bengal: A disagreement occurred between film director Vivek Ranjan Agnihotri and police officers during the screening of The Bengal Files in Kolkata pic.twitter.com/S3WNA3pspa
— IANS (@ians_india) August 16, 2025
इसके आगे उन्होंने कहा, “कौन है जो हमारे पीछे पड़े हुए हैं, सब इसका जवाब जानते हैं. हमारे ऊपर कई एफआईआर हुई हैं. हम रोज सिर्फ वकील के साथ लड़ाई लड़ते हैं कि किस तरह से उस पर स्टे लिया जाए. हम जब यहां आए तो पता चला कि ट्रेलर चलाने से मना कर दिया है. आज यह प्राइवेट होटल है, कब देखा है कि कही ऐसा हुआ हो.”
आपको बता दे कि ‘बंगाल फाइल्स’ के ट्रेलर में इतिहास के काले अध्याय की झलक है. इसमें पश्चिम बंगाल के हिंसक राजनीतिक अतीत पर से पर्दा उठाने की कोशिश की गई है. निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म सच्ची घटनाओं पर केंद्रित है. इसकी शुरुआत डाइनिंग टेबल पर बैठे बच्चे का नाम पूछने से होती है. धीरे-धीरे ट्रेलर आगे बढ़ता है तो 1946 और वर्तमान के पश्चिम बंगाल की दुविधा को दर्शाया गया है. रक्तरंजित गलियां, धर्मांध लोग और एक दूसरे को खत्म करने के इरादे से ललकारते लोग सीन दर सीन नजर आते हैं. घुसपैठियों से लेकर जिन्ना और महात्मा गांधी के मध्य हुई बातचीत का भी एक अंश है.
फिल्मकार विवेक रंजन अग्निहोत्री ने कोलकाता में ट्रेलर लॉन्च इवेंट में कहा, “द बंगाल फाइल्स एक चेतावनी है, एक हुंकार कि हम बंगाल को दूसरा कश्मीर नहीं बनने देंगे. हिंदू नरसंहार की अनकही कहानी को प्रामाणिकता प्रदान करने के लिए हमने कोलकाता में ट्रेलर लॉन्च करने का फैसला किया, और आप ट्रेलर में इसकी एक झलक देखेंगे. देश को तैयार रहना चाहिए क्योंकि अगर कश्मीर ने आपको चोट पहुंचाई, तो बंगाल आपको परेशान करेगा.”
वहीं, फिल्म के कलाकार मिथुन चक्रवर्ती ने कहा, “द बंगाल फाइल्स में वह सब कुछ है जिसकी दर्शकों ने कभी उम्मीद नहीं की थी. मेरे लिए सिनेमा का यही उद्देश्य है, बदलाव लाना और वह दिखाना जो लोगों को देखने की जरूरत है. मैं आपको बता दूं, मैं आप सभी का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं. इस किरदार ने मुझे हमेशा आपके करीब पहुंचाया है और यह आपके लिए भी ऐसा ही करेगा.”
फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री की ‘द बंगाल फाइल्स’ इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है. फिल्ममेकर की सच उजागर करने वाली फाइल्स ट्रिलॉजी का यह तीसरा पार्ट है; इससे पहले ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘द ताशकंद फाइल्स’ आ चुकी हैं.
इसमें मिथुन चक्रवर्ती, पल्लवी जोशी, अनुपम खेर और दर्शन कुमार नजर आएंगे. विवेक रंजन अग्निहोत्री ने ‘द बंगाल फाइल्स’ को लिखा और डायरेक्ट किया है. इसे अभिषेक अग्रवाल और पल्लवी जोशी ने प्रोड्यूस किया है. यह फिल्म 5 सितंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
