भारी बारिश के कारण रोडवेज बस पर गिरा पेड़, चालक समेत 5 की मौत
भारी बारिश के कारण रोडवेज बस पर गिरा पेड़, चालक समेत 5 की मौत
बाराबंकी | उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां यूपी रोडवेज की एक बस पर अचानक पेड़ गिर गया. इस हादसे में बस में सवार पांच लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
मामला हरख चौराहे के राजा बाजार क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब भारी बारिश के बीच एक रोडवेज बस बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही थी. बारिश के कारण पेड़ की जड़ें कमजोर हो गईं जिससे वह अचानक बस पर गिर पड़ा. पेड़ के गिरने से बस की छत पूरी तरह चकनाचूर हो गई और कई यात्री उसके नीचे दब गए.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया. उन्होंने बस में फंसे घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि, इस हादसे में चालक सहित पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
इस बीच, घटनास्थल से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें बस के अंदर कुछ लोग फंसे हुए नजर आ रहे हैं. इस दौरान बस में फंसी एक महिला यात्री का लोग वीडियो बनाने लगे. इस पर उन्होंने कहा- “यहां जिंदगी मौत का सवाल है और आप वीडियो बना रहे हैं, अगर आकर पेड़ की डाल हटवाने में मदद करते तो हम लोग बाहर निकल आते.” इसके बाद वीडियो शूट कर रहे लड़के को भीड़ ने वहां से हटा दिया.
वहीं, बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने इस हादसे पर दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बाराबंकी के ब्लॉक हरख में राजा बाजार के पास तेज बारिश के कारण बस पर पेड़ गिरने से कई यात्रियों की दुखद मृत्यु एवं गंभीर रूप से घायल होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की तथा घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और राहत कार्य जारी है. साथ ही प्रशासन ने लोगों से भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है.
बता दें कि बाराबंकी में गुरुवार देर रात से भारी बारिश हो रही है जिसके कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है.
