“जगदीप धनखड़ के इस्तीफे का सच ……”: सचिन पायलट

Sachin Pilot IANS (1) (1)
The Hindi Post

“जगदीप धनखड़ के इस्तीफे का सच ……”: सचिन पायलट

 

टोंक | जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा देने को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट का बड़ा बयान आया है. उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि इस्तीफा दिया गया है या लिया गया है.

राजस्थान के टोंक में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “सवाल यह है कि इस्तीफा दिया गया है या इस्तीफा लिया गया है. कथित रूप से उनकी ओर से लिखे पत्र में बताया गया है कि वह स्वास्थ्य कारणों से अपना पद छोड़ रहे हैं, लेकिन उनकी दिनचर्या और काम करने के तरीके से ऐसा नहीं लगता था कि उन्हें कोई दिक्कत थी. पद से इस्तीफा देने का निर्णय उनका व्यक्तिगत है. मुझे लगता है कि कोई मसला जरूर है, क्योंकि राष्ट्रपति के बाद उपराष्ट्रपति का पद देश में नंबर दो का है.”

उन्होंने आगे कहा, “भाजपा और केंद्र सरकार ने हमेशा संवैधानिक संस्थाओं और संवैधानिक पदों का मान-सम्मान नहीं किया है. जिस तरह से इतनी तेजी के साथ यह घटनाक्रम हुआ है, मुझे लगता है कि पर्दे के पीछे कुछ न कुछ हुआ होगा और सरकार को खुलासा करना चाहिए कि ऐसी कौन सी परिस्थितियां थीं, जिस वजह से उन्हें अपना पद छोड़ना पड़ा. पहले वह गवर्नर थे और फिर बाद में उन्हें उपराष्ट्रपति बनाया. मगर, सवाल यह उठता है कि दाल में कुछ काला जरूर है. आज नहीं तो कल इस बात का खुलासा जरूर होगा कि उन्होंने अपने पद से इस्तीफा क्यों दिया. देश का किसान भाजपा से सवाल कर रहा है कि पहले उन्हें उपराष्ट्रपति बनाया और अब बेइज्जत किया.”

भारत के 14वें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बीते सोमवार को स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखे एक पत्र में उन्होंने कहा था कि वह स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रभाव से पद छोड़ रहे हैं.

इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को उपराष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था.

 


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!