राज्य सरकार के मंत्री पर NHAI अधिकारी से मारपीट का आरोप, नितिन गडकरी ने …..
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (फाइल फोटो | आईएएनएस)
शिमला | हिमाचल प्रदेश में कैबिनेट मंत्री और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) इंजीनियर आमने-सामने आ गए हैं. कांग्रेस सरकार के पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह के खिलाफ एनएचएआई इंजीनियर के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. इसे लेकर एनएचएआई इंजीनियर्स एसोसिएशन (एनईए) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर एनएचएआई के कर्मचारियों और अधिकारियों को एकजुट होने की अपील की.
एनएचएआई इंजीनियर्स एसोसिएशन (एनईए) ने कहा, “शिमला में हिमाचल प्रदेश के पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने छह अन्य लोगों के साथ मिलकर एनएचएआई इंजीनियर अचल जिंदल पर क्रूरतापूर्वक हमला किया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर पर गंभीर चोटें आई. इस वक्त वह अस्पताल में भर्ती हैं.”
एनईए ने कहा कि अपने आधिकारिक कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे एक लोक सेवक पर यह हमला अस्वीकार्य हमला है. हम इस जघन्य कृत्य के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ तत्काल और अनुकरणीय कार्रवाई की मांग करते हैं. अधिकारी की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता. हम एकजुट हैं.
एनईए ने शिमला में क्रूरतापूर्वक पीटे गए एनएचएआई अधिकारी अचल जिंदल के प्रति एकजुटता दिखाते हुए हाईवे से जुड़े सभी कर्मियों को निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने कहा कि सभी एनएचएआई के अधिकारियों को आज दोपहर 2 बजे से आधे दिन की छुट्टी लेने की सलाह दी जाती है. हिमाचल प्रदेश में काम करने वाले सभी हाईवे कर्मियों से अपील की गई है कि वे दिन भर अपने कार्यालयों में न आएं और संबंधित अधिकारी के परिवार को आवश्यक सहायता प्रदान करें.
वहीं केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस घटना की निंदा की है. उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी फोन पर बात करके आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा. इसी बीच मंत्री अनिरुद्ध सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है.
नितिन गडकरी ने कहा, “हिमाचल प्रदेश के पंचायती राज मंत्री और उनके सहयोगियों की ओर से एनएचएआई अधिकारी अचल जिंदल पर किए गए हमले की निंदा करता हूं. यह कानून के शासन पर हमला है. एक सरकारी अधिकारी पर ड्यूटी के दौरान हुआ क्रूरतापूर्ण हमला व्यक्तिगत सुरक्षा के साथ-साथ संस्थागत गरिमा को भी गहराई से आहत करता है.”
गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मैंने मामले पर गंभीरता से संज्ञान लिया है और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की है. सभी अपराधियों के खिलाफ तत्काल और अनुकरणीय कार्रवाई करने का आग्रह किया है. जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए और बिना देरी के न्याय मिलना चाहिए.”
हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “मंत्री की ओर से पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में एनएचएआई अधिकारियों के साथ मारपीट शर्मनाक है. पुलिस और प्रशासन ने न ही उन्हें बचाया और न ही अस्पताल पहुंचाया. पीड़ित अधिकारी की शिकायत के अनुसार मंत्री खुद इस मामले में शामिल थे. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस मामले में संज्ञान लें और कार्रवाई करें.”
