खौफनाक :  हादसे का शिकार हुई तेज रफ्तार कार, बन गई आग का गोला, पांच लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत

Bulandshahr accident

तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हुई, पांच लोगों की हुई मौत/ फोटो क्रेडिट : सोशल मीडिया

The Hindi Post

बुलंदशहर | बुलंदशहर (यूपी) के थाना जहांगीराबाद क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे हो गया. इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.

यह हादसा जहांगीराबाद-बुलंदशहर मार्ग पर ग्राम जानीपुर के पास तब हुआ जब एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से टकरा गई और उसमें आग लग गई.

पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ. कार में सवार छह लोग जनपद बदायूं के थाना सहसवान क्षेत्र के चमनपुर में एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद दिल्ली के मालवीय नगर लौट रहे थे. प्राथमिक जांच में पता चला है कि चालक को नींद की झपकी आ गई थी. इसके कारण कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई और पलट गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में फौरन आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया.

सूचना मिलते ही जहांगीराबाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक कार में सवार पांच लोगों की जलकर मौत हो चुकी थी. हादसे में एकमात्र जीवित बची 28 वर्षीय गुलनाज को कार से निकालकर गंभीर हालत में जहांगीराबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है.

बुलंदशहर के एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस ने प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही को हादसे का प्रमुख कारण माना है. मामले की गहन जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई. मौके पर मौजूद लोगों ने बचाव की कोशिश की लेकिन आग तेज होने के कारण कोई मदद नहीं कर सका. इस हादसे से इलाके में शोक है. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने मृतकों की पहचान और उनके परिवार को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!