टीले पर बने मकान ढहे, कई लोग दबे; विधायक बोले – ‘जिम्मेदार लोगों पर होगी कार्रवाई’
मथुरा | उत्तर प्रदेश के मथुरा में रविवार को टीले पर बने मकान ढह गए. यह हादसा गोविंद नगर थाना क्षेत्र के माया टीला शाहगंज के पास हुआ. मकान के मलबे में कई लोग दब गए हैं. इस घटना को भाजपा के स्थानीय विधायक श्रीकांत शर्मा ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. उन्होंने कहा कि इस हादसे के जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
भाजपा के स्थानीय विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. अभी हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बचाव कार्य है. जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. हम सभी से अनुरोध करते हैं कि वे तुरंत क्षेत्र खाली कर दें ताकि बचाव कार्य बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके.”
इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, नगर निगम की टीम और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं. राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है. मलबा हटाने और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, खुदाई के दौरान टीले पर बने चार से छह मकान अचानक भरभराकर गिर गए, जिसके मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. यह भी आशंका जताई जा रही है कि टीले पर अवैध रूप से खुदाई का काम चल रहा था जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ.
Mathura, Uttar Pradesh: An incident occurred near Maya Teela Shahganj in Govind Nagar area, where 4–6 houses collapsed during excavation. One person died, over 12 are feared trapped. Rescue operations are underway pic.twitter.com/zYb2glHSWI
— IANS (@ians_india) June 15, 2025
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि थाना गोविंद नगर के मसानी क्षेत्र में एक कच्ची सड़क है. निजी भूमि पर एक टीले पर मकान बना हुआ था. इसके गिरने की सूचना मिलने पर यहां मौके पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इसमें हमारी स्थानीय फायर सर्विस की टीम, नगर निगम, प्रशासन और सिविल डिफेंस की टीम मौजूद है. टीम राहत और बचाव का काम कर रही है. नगर निगम की टीम जेसीबी के साथ मौके पर मौजूद है. मलबे में से एक व्यक्ति को जिंदा निकाला गया है और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हमारी टीमें लगातार काम कर रही हैं. हम जांच कर रहे हैं कि मलबे में कितने लोग फंसे हैं.
मथुरा के डीएम सीपी सिंह ने कहा कि ऊंचे पर बना मकान गिरा है. प्राथमिकता के तौर पर फंसे हुए लोगों को निकालने का काम चल रहा है. अभी मलबे में कितने लोग फंसे हैं, इसकी जानकारी नहीं है. राहत एवं बचाव का काम किया जा रहा है. इसकी जांच कराई जाएगी कि किस वजह से यह मकान गिरा.
