एक के बाद एक ट्रेन से गिरे 10 यात्री, भयानक था मंजर, फिर…

Train IANS (1) (1)

फोटो: आईएएनएस

The Hindi Post

मुंबई | मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेन सोमवार को बड़े हादसे का शिकार हो गई. हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. मौत के आंकड़ों को लेकर फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं हुआ है, हालांकि ठाणे म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन ने 1 मौत और 9 के घायल होने की बात कही है. सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी इस हादसे पर शोक जताया है.

हादसा ठाणे के मुंब्रा रेलवे स्टेशन और दिवा रेलवे स्टेशन के बीच हुआ है. छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) की तरफ जा रहे कुछ यात्री ट्रेन से गिर गए. 8 यात्री घायल हुए हैं. दुर्घटना की जांच शुरू हो गई है. शुरुआती तौर पर हादसे का कारण अत्यधिक भीड़ को माना जा रहा है. घटना से लोकल ट्रेन की सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं.

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के भीतर अत्यधिक भीड़ की वजह से यात्री गेट पर लटककर सफर कर रहे थे. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया.

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर दुख जताया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि दिवा-मुंब्रा स्टेशन के बीच कुल 8 यात्री लोकल ट्रेन से गिर गए और उनमें से कुछ की जान चली गई. मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं. घायलों को तुरंत शिवाजी अस्पताल और ठाणे जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है. स्थानीय प्रशासन समन्वय कर रहा है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायलों को जल्द ही राहत मिले. रेलवे विभाग ने इस घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है.”

वहीं, ठाणे म्युनिसिपल कार्पोरेशन ने 1 मौत और 9 यात्रियों के घायल होने की पुष्टि की है.

मुंब्रा रेल हादसे पर सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ स्वप्निल धनराज नीला ने कहा, “मुंब्रा से दिवा जा रही लोकल ट्रेन में यात्रा कर रहे लोग गिर गए. घटना की सूचना कसारा जाने वाली लोकल ट्रेन के गार्ड ने दी. लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. घटना डाउन/फास्ट लाइन पर मुंब्रा-दिवा रेलवे स्टेशनों के बीच हुई. कसारा से आने वाली लोकल ट्रेन के फुटबोर्ड पर यात्रा कर रहे लोग और इसी तरह सीएसएमटी की ओर जाने वाली ट्रेन में यात्रा कर रहे लोग एक-दूसरे से टकरा कर गिर गए और यह हादसा हुआ. जब एंबुलेंस मौके पर पहुंची, तो पता चला कि वहां आठ यात्री थे.”

IANS


The Hindi Post

You may have missed

error: Content is protected !!