बीच सड़क पर थार ड्राइवर ने मचाया तांडव, मची चीख पुकार, जो सामने आया उसे टक्कर मारता चला गया, घटना का वीडियो आया सामने….
उत्तर प्रदेश के भदोही में शराब की एक दुकान स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं. यहां मर्यादपट्टी इलाके में मंदिर और दो मस्जिद आसपास बने हुए हैं. इन्हीं के पास एक शराब का ठेका भी है. भीड़भाड़ वाले इलाके में शराब का ठेका होने के कारण लोगों को खासी परेशानी हो रही है. यहां शराब पीकर लोग अक्सर हंगामा करते रहते हैं और रोजाना विवाद होते रहते हैं. शनिवार के दिन भी यहां थार और वेन्यू कार में सवार लोगों के बीच झगड़ा हो गया. इसके बाद थार चला रहे व्यक्ति ने कई वाहनों को टक्कर मार दी.
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि थार की टक्कर से तीन बाइक गिर गई थीं. हालांकि, इनमें सवार लोग कुचले जाने से बाल-बाल बच गए. इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं.
मामला मर्यादपट्टी इलाके का है. शनिवार शाम भरत टॉकीज चौराहा के पास काले रंग की थार और सफेद रंग की वेन्यू कार में सवार युवकों के बीच जमकर झगड़ा हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई. घटना के दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया और आम लोगों में डर का माहौल पैदा हो गया. हंगामे के बीच थार सवार युवक गाड़ी लेकर भागने लगे. इसी दौरान थार चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सड़क पर मौजूद तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. दो बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि सफेद रंग की वेन्यू कार को भी थार ने घसीटते हुए दूर तक ढकेल दिया. घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग सड़क पर गिर पड़े.
भदोही के भरत टॉकीज चौराहे पर हिट एंड रन केस। आरोपी रईस जादे को गिरफ्तार कर लिया गया है गाड़ी भी पुलिस के कब्जे में है। ऐसे मूर्खों को गाड़ी दी ही क्यों जाती है? @bhadohipolice pic.twitter.com/9UFhJ2CkQr
— Bhadohi Wallah (@Mithileshdhar) June 8, 2025
राहगीरों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वीडियो में देखा जा सकता है कि भीड़ में अफरातफरी का माहौल है और कुछ लोग थार सवार को पकड़कर पीटते नजर आ रहे हैं. पीटने वाले लोग वेन्यू कार सवार बताए जा रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और वायरल वीडियो के आधार पर दोनों गाड़ियों और उसमें सवार लोगों की पहचान शुरू कर दी है. फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.
